Wednesday, September 30, 2026

अखंड भारत महापर्व को लेकर मेरठ में बढ़ा उत्साह

 


21 अक्टूबर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगेगा मेरठ

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में 21 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले ‘अखंड भारत का स्वतंत्रता दिवस महापर्व-2026’ को भव्य एवं व्यापक स्वरूप देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। महापर्व को राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और युवा जागरण का जन-अभियान बनाने के उद्देश्य से उद्योगपतियों, समाजसेवियों, सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक कर आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की गई।


सुभारती विश्वविद्यालय के में आयोजित बैठक में प्रस्तावित रैली, जनसहभागिता, संस्थाओं की जिम्मेदारियों तथा सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। आयोजन का प्रमुख उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन, विचारों, राष्ट्र समर्पण और देशभक्ति की भावना से जोड़ना है। सुभारती समूह के संस्थापक एवं महापर्व के प्रणेता डॉ. अतुल कृष्ण ने कहा कि व्यापक जनसहभागिता वाले इस आयोजन में प्रतिभागियों की सुविधा, स्वास्थ्य और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने 3.2 किलोमीटर लंबे रैली मार्ग पर प्रत्येक 100 मीटर पर जलपान केंद्र स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। रैली के समापन पर प्रतिभागियों को भोजन के पैकेट भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आयोजन की भव्यता के साथ सेवा, अनुशासन, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिखाई देना चाहिए। कचरा संग्रहण के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी तथा प्लास्टिक गिलासों के स्थान पर पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों के उपयोग का आग्रह किया जाएगा।


महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल राजेश त्यागी, एसएम (सेनि.) ने बताया कि अब तक लगभग 60 संस्थानों ने रैली में सहभागिता की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि रैली के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों तक राष्ट्रप्रेम, सामाजिक दायित्व और राष्ट्रीय मूल्यों का संदेश पहुंचाया जाएगा। रैली के सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन में सिविल डिफेंस तथा विभिन्न संस्थानों के स्वयंसेवक सहयोग करेंगे। पेयजल, शौचालय, एंबुलेंस और चिकित्सकीय सहायता जैसी व्यवस्थाओं के लिए स्थानीय प्रशासन से समन्वय किया जाएगा। भारत विकास परिषद के अनुराग डबलिश ने बताया कि रैली मार्ग पर पर्याप्त संख्या में साउंड सिस्टम लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से आवश्यक घोषणाएं, कार्यक्रमों की जानकारी और राष्ट्रभक्ति से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाए जाएंगे। सहभागी संस्थानों के स्वयंसेवक व्यवस्था एवं मार्गदर्शन में सहयोग करेंगे। नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रतिमा स्थल की व्यवस्था की जिम्मेदारी भारत विकास परिषद ने स्वीकार की है।


महापर्व आयोजन समिति के कोऑर्डिनेटर समीर सिंह ने बताया कि लगभग 3.2 किलोमीटर लंबी रैली जीआईसी ग्राउंड से प्रारंभ होकर एनएएस कॉलेज, अंबेडकर पार्क, मेरठ कॉलेज मुख्य द्वार और कमिश्नर पार्क होते हुए स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचेगी। प्रतिभागियों एवं झांकियों के लिए सुबह 9 बजे जीआईसी ग्राउंड में रिपोर्टिंग निर्धारित की गई है। अतिथियों के संबोधन एवं ध्वजारोहण के बाद सुबह 11 बजे मुख्य अतिथि रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। महापर्व की तैयारियों में पंवार वाणी फाउंडेशन, भारत विकास परिषद, मेरठ कॉलेज स्टूडेंट्स यूनियन, क्रीड़ा भारती, प्रबुद्ध सेवा संस्थान, वीर खालसा दल, कायस्थ महासभा, लायंस क्लब, रोटरी क्लब, वासवी फाउंडेशन, बार एसोसिएशन, व्यापार संघ तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) सहित विभिन्न संगठनों के सहयोग पर भी चर्चा हुई।


बैठक में कहा गया कि ‘अखंड भारत का स्वतंत्रता दिवस महापर्व’ को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से युवाओं एवं विद्यार्थियों तक राष्ट्रभक्ति, सामाजिक दायित्व, सांस्कृतिक चेतना तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस के राष्ट्र समर्पण के विचारों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में सुभारती समूह के संस्थापक एवं महापर्व के प्रणेता डॉ. अतुल कृष्ण, भारत विकास परिषद हस्तिनापुर प्रांत के अध्यक्ष डॉ. सरल माधव तथा महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल राजेश त्यागी, एसएम (सेनि.) सहित प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment