Monday, September 14, 2026

इस्माईल नेशनल महिला पीजी कॉलेज में हिंदी दिवस पर कहानी लेखन प्रतियोगिता एवं काव्य पाठ का आयोजन

 

नमरा रियाज

नित्य संदेश, मेरठ। इस्माईल नेशनल महिला पीजी कॉलेज मेरठ में प्राचार्य प्रोफेसर अनीता राठी के निर्देशन में हिंदी विभाग द्वारा हिंदी दिवस के अवसर पर कहानी लेखन प्रतियोगिता एवं काव्य पाठ का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का प्रारंभ काव्य पाठ से हुआ, जिसमें छात्राओं ने हिंदी के विविध कवियों की कविताओं की सुंदर प्रस्तुति दी। इसके उपरांत कहानी लेखन प्रतियोगिता की शुरुआत हुई, जिसका विषय "बचपन में सुनी कहानियाँ" रहा। इस प्रतियोगिता में छात्राओं व प्रवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। छात्राओं ने लोक कथाओं, राजा-रानी, होशियार बंदर, मिट्टी का दिया, जादुई तोता, पशु-पक्षी आदि पर आधारित प्रेरणादायक व रोचक कहानियों को अपने शब्दों में लिखा। ऐसी कहानियां जिनसे केवल मनोरंजन ही नहीं बल्कि मूल्य एवं नैतिकता की शिक्षा भी मिलती है। बचपन में दादा-दादी, नाना-नानी तथा माता-पिता से अनेक रोचक एवं प्रेरणादायक कहानियां सुनने को मिलती हैं। इन कहानियों में मनोरंजन के साथ-साथ जीवन के महत्वपूर्ण मूल्यों की सीख भी छिपी होती है। बचपन में सुनी कहानियां केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि हमारे व्यक्तित्व और संस्कारों के निर्माण में भी सहायक होती हैं।



इस कार्यक्रम की संयोजिका प्रोफेसर दीपा त्यागी रहीं, जिन्होंने छात्राओं को कहानी लेखन के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में नेहा सिंह, चित्रा त्यागी, अंजू मिश्रा का सहयोग रहा। धर्मवीर का भी सहयोग प्राप्त हुआ।

No comments:

Post a Comment