डा. अभिषेक डबास
नित्य संदेश, मेरठ। शोभित इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी) की एसयू-एआईसीटीई आइडिया लैब द्वारा “इनोवेटिव आइडिया टू प्रोटोटाइप” विषय पर आयोजित पाँच दिवसीय कार्यशाला का समापन विशेषज्ञ व्याख्यान के साथ हुआ। इस अवसर पर “विचार से बाज़ार तक: एआई एवं रोबोटिक्स के माध्यम से सफल स्टार्टअप की ओर” विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बुंदेलखंड इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (बीआईईटी), झाँसी की प्रोफेसर एवं राष्ट्रीय सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार 2024 से सम्मानित डॉ. शहनाज़ अयूब ने विद्यार्थियों को नवाचार, उद्यमिता तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं रोबोटिक्स के विचारों को सफल स्टार्टअप में बदलने के गुर बताए। उन्होंने वास्तविक समस्याओं की पहचान, प्रोटोटाइप निर्माण और बाज़ार की आवश्यकताओं को समझने पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी. के. त्यागी ने विद्यार्थियों के नवाचार प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें नए विचारों को व्यावहारिक स्वरूप देने तथा आइडिया लैब की सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. जयंत महतो एवं डॉ. मनोज शर्मा, समन्वयक, एसयू-एआईसीटीई आइडिया लैब द्वारा किया गया।
समापन अवसर पर डॉ. जयंत कुमार महतो ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, छात्र प्रतिनिधियों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. अनिकेत कुमार, डॉ. आर. के. जैन, डॉ. नवनीश त्यागी, डॉ. सुब्रत दास, डॉ. पूजा एवं डॉ. आकृति गोस्वामी सहित सैकड़ो विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पाँच दिवसीय कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, समस्या समाधान, नवाचार एवं प्रोटोटाइप निर्माण की क्षमता विकसित करना था।

No comments:
Post a Comment