नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कंकरखेड़ा पुलिस ने अंतर्राज्यीय शराब तस्करी के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रोहटा फ्लाईओवर के पास खड़ौली बाईपास से एक कैंटर से चंडीगढ़ मार्का 390 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने
बताया कि पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी दौराला के कुशल निर्देशन में थाना
प्रभारी जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम रविवार को चेकिंग अभियान पर थी।
इसी दौरान सूचना मिली कि एक कैंटर में अवैध शराब ले जाई जा रही है। टीम ने
घेराबंदी कर कैंटर को रोका। तलाशी लेने पर उसमें चण्डीगढ़ (यूटी) में बिक्री हेतु
अनुमन्य विदेशी शराब की कुल 390 पेटियां भरी हुई मिलीं। मौके से कैंटर चालक
जोगिन्दर सिंह पुत्र दलीप सिंह निवासी ग्राम चक मेघा विरान, थाना गुरूहरसहाय, जनपद
फिरोजपुर, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बरामद शराब के संबंध में थाना
कंकरखेड़ा पर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर अभियुक्त को न्यायालय के
समक्ष पेश किया गया।
लालच में बना तस्कर
पूछताछ में अभियुक्त जोगिन्दर ने बताया कि वाहन की फाइनेंस किस्त टूट जाने के
कारण उसने भाड़े पर वाहन चलाने के लिए संपर्क किया था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने
इंटरनेट कॉलिंग नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर चंडीगढ़ से बिहार शराब ले जाने के लिए 80
हजार रुपये भाड़ा तय किया। अधिक मुनाफे के लालच में वह तैयार हो गया। उक्त व्यक्ति
ने चंडीगढ़ से करीब 40 किमी दूर शराब से भरा कैंटर उसे सौंपा और कहा कि बिहार के
गया पहुंचने पर रिसीव करने वाले का नंबर व लोकेशन भेजेगा।

No comments:
Post a Comment