
डा. अभिषेक डबास
नित्य संदेश, मेरठ। शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ के स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर एंड एनवायरनमेंटल साइंसेज एवं बायोकॉस्मो क्लब द्वारा अंतरराष्ट्रीय ओजोन दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में ओजोन परत के संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति जिम्मेदारी विकसित करने के उद्देश्य से ‘ओजोन एस्केप चैलेंज’ का आयोजन किया गया।
इस वर्ष की थीम “एक ठंडे ग्रह के लिए वैश्विक कार्रवाई” रही। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. विकास यादव के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने ओजोन परत के महत्व, इसके क्षरण के कारणों तथा पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में 125 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 7 टीमों ने ओजोन क्षरण, पर्यावरणीय प्रभावों एवं संरक्षण उपायों पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘ओजोन एस्केप चैलेंज’ रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने पर्यावरणीय ज्ञान, त्वरित सोच, समस्या-समाधान एवं टीमवर्क का प्रदर्शन किया। साथ ही ओजोन प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया। चैलेंज के मूल्यांकन में डॉ. अल्पना जोशी, डॉ. सोनम आर्या, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. आसिफ बेग एवं श्री आशीष कुमार त्यागी ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई।
समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को प्रमाण-पत्र, उपहार एवं पौधे प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने “ओजोन की रक्षा करें और अपना भविष्य सुरक्षित करें” का संकल्प लेते हुए स्वयं को ‘ओजोन प्रहरी’ के रूप में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले विद्यार्थी आशीष पांडेय, बादल पांडेय, रिषिका सिंह, मानस, आदर्श, गौरव, दिव्यांशु, किरण एवं तनु प्रिया भी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment