Friday, September 18, 2026

'आयुष आपके द्वार' के तहत सतोहा और छाता में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 207 लोगों का हुआ उपचार

आयुर्वेद दिवस मनाने का दिया संदेश, संतुलित आहार और औषधीय पौधों की दी जानकारी


संजीव शर्मा


नित्य संदेश, मथुरा। आयुष मंत्री, महानिदेशक एवं निदेशक के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. दिगम्बर सिंह मथुरा के मार्गदर्शन में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय खामिनी द्वारा "आयुष आपके द्वार" कार्यक्रम के अंतर्गत निःशुल्क आउटरीच स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन किया गया।



शिविर का आयोजन ग्राम सतोहा व ग्राम छाता के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में किया गया। शिविर में कुल 207 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परामर्श, उपचार, प्रकृति परीक्षण किया गया तथा निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। शिविर के दौरान आयोजित संगोष्ठी में चिकित्साधिकारी डॉ. ऋतु सांगवान ने विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और समस्त स्टाफ को 23 सितम्बर को 11वां आयुर्वेद दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए प्रेरित किया। संगोष्ठी में संतुलित आहार और सही पोषण के प्रति जागरूक किया गया। कुपोषण दूर करने, अच्छे स्वास्थ्य के लिए आवश्यक पोषक तत्वों जैसे प्रोटीन, विटामिन, खनिज आदि की जानकारी दी गई। उन्होंने जंक फूड और तैलीय भोजन से दूर रहने तथा पौष्टिक आहार अपनाने के लिए आमजन, बच्चों और शिक्षकों को प्रेरित किया। साथ ही दोनों विद्यालयों में औषधीय पौधों के महत्व पर भी जानकारी दी गई।कार्यक्रम में चिकित्सालय के समस्त स्टाफ ने प्रतिभाग किया।

No comments:

Post a Comment