Friday, September 11, 2026

मेरठ के युवाओं को राष्ट्रीय मंच पर मिलेगा मौका: वीके सिंह

 

-तैयारियों के बारे में जिलाधिकारी ने प्रेस कांफ्रेंस में दी जानकारी


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद (VBYLD)-2027 का आयोजन किया जा रहा है। जनपद मेरठ में जिलाधिकारी डा. वीके सिंह के निर्देशन में इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।


राष्ट्रीय स्तर का मुख्य आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा, जहां देशभर से चयनित युवा प्रधानमंत्री के समक्ष विकसित भारत@2047 का विजन प्रस्तुत करेंगे। VBYLD-2027 में उत्तर प्रदेश को गंगा ग्रोथ बेल्ट में रखा गया है, जिसका विषय जनसांख्यिकीय लाभांश एवं मानव पूंजी विकास है। इसका मुख्य सवाल है कि भारत की अमृत पीढ़ी 2047 तक विकसित भारत निर्माण की सबसे बड़ी ताकत कैसे बनेगी। इस कार्यक्रम के तहत 6 ट्रैक पर विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, सांस्कृतिक ट्रैक, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज, यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज और यूथ पार्लियामेंट प्रतियोगिताएं होंगी।


कार्यक्रम की समय-सारिणी

कार्यक्रम की समय-सारिणी के अनुसार, विकसित भारत क्विज 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक, निबंध प्रतियोगिता 5 से 19 अक्टूबर तक, जिला चैंपियनशिप 10 से 16 नवंबर तक और राज्य स्तरीय संवाद 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगा। जिला स्तरीय युवा महोत्सव 1 सितंबर से 31 अक्टूबर के बीच होगा।


जिला युवा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी ने बताया

जिला युवा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी यशवंत यादव ने बताया कि इसमें भाग लेने के लिए MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। उन्होंने जनपद के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, NSS, NCC, स्काउट गाइड और कौशल विकास संस्थानों के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।

No comments:

Post a Comment