Breaking

Your Ads Here

Friday, September 4, 2026

संस्था सृजन की मटकी फोड़ में गूंजे ‘गोविंदा आला रे... 21 टीमों ने लगाई मटकी फोड़ने की जोरदार होड़

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। संस्था सृजन द्वारा मल्हारगंज सागर जूस के सामने आयोजित मटकी फोड़ में शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव उस समय रोमांच से भर गया, जब ऊंचाई पर टंगी दही हांडी को फोड़ने के लिए युवाओं की टोलियां मैदान में उतरीं। ‘गोविंदा आला रे...’ के जयकारों के बीच कभी पिरामिड डगमगाया तो कभी टीमों ने संभलकर फिर से ऊंचाई हासिल की और मटकी फोड़ी भी। मटकी तक पहुंचने के हर प्रयास के साथ दर्शकों की धड़कनें बढ़ती रहीं और सफल प्रयास पर पूरा गोराकुंड तालियों व जयकारों से गूंज उठा।


संस्था सृजन अध्यक्ष कमलेश खंडेलवाल, महेश दलोदा, गोविंद गोयल और महिला संयोजिका तनुजा खंडेलवाल ने बताया कि संस्था सृजन द्वारा आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता का यह 21वां वर्ष था। पिछले 20 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा में इस बार भी युवाओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मटकी फोड़ने के लिए टीमों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। एक के बाद एक टीमों ने मानव पिरामिड बनाया और मटकी तक पहुंचने की कोशिश की। नीचे खड़े गोविंदाओं का संतुलन, ऊपर चढ़ते साथियों का हौसला और मटकी के करीब पहुंचते ही बढ़ती बेसब्री ने माहौल को रोमांचक बना दिया। युवाओं के एक समूह ने मटकी फोड़ भी दी।

कमलेश खंडेलवाल के अनुसार प्रतियोगिता में, देवास, महू, धार, राऊ, देपालपुर, बेटमा सहित विभिन्न क्षेत्रों की 21 टीमों ने भाग लिया। टीमों के प्रदर्शन के दौरान सड़क के दोनों ओर खड़ी भीड़ हर प्रयास पर तालियां बजाकर युवाओं का उत्साह बढ़ाती रही। जैसे ही किसी टीम का गोविंदा मटकी के करीब पहुंचता, भीड़ में उत्साह चरम पर पहुंच जाता।


 यह आयोजन इंदौर के सबसे पुराने मटकी फोड़ आयोजनों में शामिल है। संभवत: मध्यप्रदेश के सबसे बड़े मटकी फोड़ आयोजनों में शामिल इस प्रतियोगिता को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग गोराकुंड पहुंचे। युवाओं के जोश और दर्शकों के उत्साह ने पूरे क्षेत्र को कृष्ण भक्ति और उत्सव के रंग में रंग दिया।


कमलेश खंडेलवाल, और महिला संयोजिका तनुजा खंडेलवाल ने बताया कि आयोजन में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सुमित मिश्रा, श्रवण चावड़ा और आकाश विजयवर्गीय सहित शहर के गणमान्य नागरिक, साधु-संत, समाज प्रमुख और राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं। अतिथियों ने मटकी फोड़ने पहुंचे युवाओं का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता के दौरान जय श्रीकृष्ण और गोविंदा आला रे के नारों से गोराकुंड का माहौल भक्तिमय होने के साथ ही जोश और रोमांच से भर गया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here