सुभारती होटल मैनेजमेंट विद्यार्थियों को मिला इंडस्ट्री का प्रत्यक्ष अनुभव
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के भिकाजी कामा सुभारती कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए जेपी ग्रीन्स गोल्फ एंड स्पा रिजॉर्ट, ग्रेटर नोएडा में औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को होटल उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना तथा कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना रहा।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने होटल के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, अतिथि सेवाओं, सेवा मानकों, ग्रूमिंग, संचार कौशल तथा प्रतिष्ठित होटल एवं रिसॉर्ट के व्यावसायिक वातावरण को करीब से समझा। विद्यार्थियों ने जाना कि होटल प्रबंधन में पढ़ाए जाने वाले सिद्धांतों को वास्तविक कार्यस्थल पर किस प्रकार प्रभावी ढंग से लागू किया जाता है। इस अवसर पर जेपी ग्रीन्स गोल्फ एंड स्पा रिजॉर्ट के डिप्टी मैनेजर-ट्रेनिंग श्री अंशुल शर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने हॉस्पिटैलिटी उद्योग की कार्यशैली, व्यावसायिक अपेक्षाओं, करियर के अवसरों और कार्यस्थल की आवश्यकताओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को उद्योग की बदलती जरूरतों और पेशेवर जीवन की चुनौतियों को समझने का अवसर मिला।
इस अवसर पर डॉ. इंद्रनील बोस, विभागाध्यक्ष, भिकाजी कामा सुभारती कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट ने कहा कि औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए कक्षा की पढ़ाई को वास्तविक कार्यक्षेत्र से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। ऐसे अनुभवों से विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान, पेशेवर दृष्टिकोण और आत्मविश्वास विकसित होता है। उन्होंने कहा कि होटल उद्योग में सफलता के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ बेहतर संचार, अनुशासन, व्यवहार-कौशल और अतिथि सेवा की समझ भी आवश्यक है। वहीं सुभारती विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी. के. मित्तल ने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय उन्हें वास्तविक कार्य वातावरण का अनुभव प्रदान करना है। उद्योगों के साथ इस प्रकार के शैक्षणिक जुड़ाव विद्यार्थियों को बदलते व्यावसायिक परिवेश की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
साथ थी विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज, ने कहा कि विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव भी जरूरी है। औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों को कार्यस्थल की वास्तविक चुनौतियों को समझने, अपनी क्षमताओं को पहचानने और भविष्य के करियर के लिए आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का आयोजन डॉ. इंद्रनील बोस के मार्गदर्शन में किया गया। औद्योगिक भ्रमण के सफल आयोजन एवं विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में डॉ. नितिन गुप्ता, डॉ. विकास शर्मा एवं श्री कमलेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment