नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला पीजी कॉलेज की एनसीसी इकाई द्वारा महाविद्यालय प्राचार्य डा. अंजू सिंह एवं 22 यूपी गर्ल्स बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल होपेन्दर ठाकुर के संरक्षण तथा कैप्टन डा० लता कुमार के नेतृत्व में विश्व नदी दिवस के अवसर पर पुनीत सागर अभियान के अंतर्गत नदी पारिस्थितिकी तंत्र और पर्यावरण संरक्षण जागरूकता हेतु विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रमों का आयोजन सामुदायिक और सामाजिक गतिविधि के तहत महाविद्यालय की एनसीसी इकाई द्वारा आईक्यूएसी के तत्वावधान में किया गया। इस उपलक्ष्य में सर्वप्रथम एक अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया जिसमें महाविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के प्रोफेसर सत्यपाल सिंह राणा ने नदी पारिस्थितिकी तंत्र और पर्यावरण संरक्षण में हमारी भूमिका विषय पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया। प्रो राणा ने कैडेट्स को बताया कि नदियां सदैव से मानव जीवन के लिए उपयोगी रही हैं। हमें उनकी स्वच्छता और संरक्षण के प्रति सजग रहना है। साथ ही अपने दैनिक जीवन में आस पास के पर्यावरण में संरक्षण के प्रयासों को भी बढ़ावा देना है।
महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. अंजू सिंह ने एनसीसी इकाई के प्रयासों की सराहना की तथा शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही एनसीसी इकाई द्वारा पुनीत सागर अभियान के तहत नदी संरक्षण हेतु 'प्लास्टिक को न कहें' विषय पर एक पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें कैडेट्स ने जल संरक्षण, नदी संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण को प्रदर्शित करते हुए आकर्षक पोस्टर निर्मित किए। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान लांस कॉरपोरल सामिया, द्वितीय स्थान कॉरपोरल तनुशा तथा तृतीय स्थान कैडेट भूमिका ने प्राप्त किया। प्रो गीता चौधरी निर्णायक रहीं। प्राचार्य प्रो अंजू सिंह ने सभी कैडेट्स को शुभकामनाएं दीं। अभियान में 55 कैडेट्स और 30 छात्राओं ने सहभागिता की।

No comments:
Post a Comment