प्रान्तीय अध्यक्ष लोकेश कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में एमडी कार्यालय पर प्रदर्शन, पुतला फूंका; चीफ इंजीनियरों को सौंपा ज्ञापन
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश (पंजीकृत) के बैनर तले मंगलवार को पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड में व्याप्त कथित अनियमितताओं के विरोध में व्यापारियों ने एमडी हाइडिल कार्यालय, विक्टोरिया पार्क पर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के प्रान्तीय अध्यक्ष लोकेश कुमार अग्रवाल ने किया। इस दौरान व्यापारियों ने मीटर लगाने वाली निजी एजेंसियों के कर्मचारियों पर उपभोक्ताओं से अवैध वसूली और उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाते हुए बिजली विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया और भ्रष्टाचार के प्रतीकात्मक पुतले का दहन किया। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने प्रबंध निदेशक, पविविनिलि के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। एमडी की अनुपस्थिति में ज्ञापन चीफ इंजीनियर प्रथम एवं चीफ इंजीनियर द्वितीय ने प्राप्त किया।
ज्ञापन में रखीं ये प्रमुख मांगें -
1. मीटर लगाते समय ही उपभोक्ता को सीलिंग सर्टिफिकेट अनिवार्य रूप से दिया जाए, जिसमें लैब का नाम, स्थान, जांच की तारीख व समय का पूरा विवरण हो।
2. उतारे गए मीटर की जांच उपभोक्ता की उपस्थिति में कराई जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
3. विद्युत प्रदाय संहिता-2005 के नियमों का पालन न करने वाले विभागीय कर्मचारियों, निजी एजेंसी व संविदा कर्मियों के विरुद्ध विद्युत अधिनियम की धारा-142 के तहत कठोर कार्रवाई की जाए।
4. प्रत्येक कार्यालय में शिकायत रजिस्टर रखा जाए और शिकायत दर्ज करते समय उपभोक्ता को शिकायत संख्या सहित रसीद दी जाए।
5. बिना उचित कारण के रिकवरी सर्टिफिकेट और धारा-3 के नोटिस जारी करने पर रोक लगे। जिन उपभोक्ताओं ने बकाया जमा कर दिया है, उन्हें परेशान न किया जाए।
इस अवसर पर प्रान्तीय अध्यक्ष लोकेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि बिजली विभाग की व्यवस्था उपभोक्ता हितैषी होनी चाहिए। मीटर लगाने, जांच और रिकवरी की प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारी और उपभोक्ता अवैध वसूली के खिलाफ एकजुट हैं। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन को और व्यापक करेगा। प्रदर्शन में राजकुमार त्यागी, अतुल त्यागी, नईम खान, वसीम गाजी, मुकेश कुमार, मैहुल जैन, सुनील गुप्ता, मनी बंसल, महबूब, ब्रह्मपाल, सरफराज, गौरव गोयल, मनोज बंसल, जेपी गुप्ता, राजा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी व पदाधिकारी मौजूद रहे।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment