Tuesday, September 15, 2026

नए बिजली कनेक्शन की मांग को लेकर ग्रामीणों ने घेरा एसडीओ कार्यालय, चार घंटे बाद पहुंचे एसडीओ से छात्र नेता की तीखी नोकझोंक


वसीम अहमद
नित्य संदेश, किठौर। नई कॉलोनी में बिजली कनेक्शन नहीं मिलने और चेकिंग के नाम पर नोटिस जारी कर अवैध वसूली किए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने बिजली विभाग के एसडीओ कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया।

सीसीएसयू छात्र नेता एवं भीम आर्मी छात्र सभा के पश्चिम प्रभारी शान मुहम्मद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से शाहजहांपुर स्थित बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों के करीब चार घंटे तक धरने पर बैठे रहने के बाद एसडीओ किठौर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के देरी से पहुंचने को लेकर शान मुहम्मद की एसडीओ से तीखी नोकझोंक भी हुई।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि किठौर की नई कॉलोनी, अहमद मोहल्ला और इस्लामाबाद क्षेत्र में लोग नए बिजली कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं, लेकिन उनके आवेदन निरस्त कर दिए जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कनेक्शन नहीं मिलने के बाद विभागीय चेकिंग के दौरान इन्हीं परिवारों पर बिजली चोरी के मुकदमे और भारी जुर्माने के नोटिस की कार्रवाई की जा रही है। इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

ऑनलाइन आवेदन निरस्त होने पर उठे सवाल
शान मुहम्मद ने कहा कि यदि किसी परिवार को वैध बिजली कनेक्शन चाहिए तो विभाग को आवेदन स्वीकार कर नियमानुसार कनेक्शन जारी करना चाहिए। आरोप है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद कई फार्म निरस्त कर दिए गए। कुछ मामलों में बैनामे के कागजात लगाने के बाद भी फार्म निरस्त कर दिए गए और बाद में कागजात नहीं लगाने का हवाला दिया गया। प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों ने कुछ आवेदन फार्मों की जांच की, जिनमें कागजात सही पाए जाने की बात सामने आई। इसके बाद संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई।

कनेक्शन मांगने वालों को ही भेजे 50 हजार से एक लाख तक के नोटिस
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले नई कॉलोनी में लोगों ने बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किए थे। इसके बाद विभाग की ओर से चेकिंग अभियान चलाकर कई घरों को 50 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक के नोटिस भेज दिए गए। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि ऐसे प्लॉटों पर भी नोटिस जारी कर दिए गए, जहां केवल चारदीवारी खड़ी है और कोई विद्युत उपयोग नहीं हो रहा। ग्रामीणों ने इन नोटिसों की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की।

घर में घुसकर चेकिंग और छत पर चढ़ने को लेकर भिड़े
धरने के दौरान बिजली चेकिंग की कार्रवाई को लेकर भी अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद हो गया। शान मुहम्मद ने आरोप लगाया कि चेकिंग के दौरान कुछ कर्मचारी घरों के अंदर प्रवेश करते हैं और सीढ़ी लगाकर छतों पर पहुंचकर जांच करते हैं। उन्होंने अधिकारियों से ऐसे मामलों में लिखित आदेश दिखाने की मांग की।

सहमति के बाद समाप्त हुआ धरना
काफी देर तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच नए बिजली कनेक्शन के आवेदन की जांच कर नियमानुसार कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा विवादित नोटिसों के संबंध में कार्रवाई पर सहमति बनी। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। शान मुहम्मद ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर नए कनेक्शन की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई और नोटिसों का निस्तारण नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ दोबारा आंदोलन किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment