नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। किला रोड स्थित एस. आर. इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को भारतीय सेना, सैन्य जीवन एवं राष्ट्र सेवा विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सेना में अधिकारी बनने के अवसरों और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल पवन सोलंकी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के निदेशक डॉ. स्वतंत्र चौहान ने की। इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्वेता तोमर, शिक्षा निदेशक एम. एस. मैथ्यू सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण मौजूद रहे। अपने संबोधन में लेफ्टिनेंट कर्नल पवन सोलंकी ने विद्यार्थियों को धैर्य, अनुशासन और जीवन में सफलता के वास्तविक अर्थ को समझाया। उन्होंने कहा कि सफलता केवल अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास है। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय सेना में अधिकारी बनने के विभिन्न अवसरों, विशेष रूप से एनडीए, सीडीएस तथा अन्य प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी, चयन प्रक्रिया और सैन्य जीवन की चुनौतियों के बारे में विस्तार से बताया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने सेना के प्रशिक्षण, जीवनशैली और सीमाओं पर तैनाती को लेकर कई सवाल पूछे, जिनका लेफ्टिनेंट कर्नल सोलंकी ने सहज और प्रेरणादायक तरीके से जवाब दिया। प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों में गजब का उत्साह और देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला। विद्यालय के निदेशक डॉ. स्वतंत्र चौहान ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों को करियर के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव और 'जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान' के उद्घोष के साथ हुआ।

No comments:
Post a Comment