Thursday, September 3, 2026

निजी क्लीनिक पर बच्ची के इलाज में लापरवाही का आरोप

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कंकरखेड़ा में निजी क्लीनिक के डॉक्टर पर एक बच्ची के उपचार में कथित लापरवाही का गंभीर आरोप लगा है। बच्ची के पिता ने इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को लिखित शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता प्रवीण तोमर निवासी पिलखुवा हापुड़ अपनी बच्ची को उल्टी-दस्त की शिकायत के चलते 27 अगस्त को उक्त क्लीनिक में दिखाने गए थे। आरोप है कि क्लीनिक संचालक डॉ. अमित जैन ने बच्ची को तुरंत आईसीयू में भर्ती कर लिया। परिजनों के अनुसार, बच्ची 27 अगस्त से 2 सितंबर तक आईसीयू में भर्ती रही। परिजनों का कहना है कि इस दौरान बच्ची की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ और उन्हें उपचार संतोषजनक नहीं लगा। शिकायत में बताया गया है कि 2 सितंबर को परिजन अपनी मर्जी से बच्ची को डिस्चार्ज कराकर घर ले गए। घर पहुंचने पर बच्ची की हालत अत्यंत गंभीर महसूस हुई, जिससे परिजनों में दहशत फैल गई। परिजनों को आशंका है कि यदि बच्ची को वहां और रखा जाता तो कोई अप्रिय घटना घट सकती थी।


शिकायतकर्ता ने सीएमओ से मांग की है कि बच्ची की मेडिकल रिपोर्ट, भर्ती रिकॉर्ड और दिए गए उपचार की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित डॉक्टर / क्लीनिक के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। इस मामले में अभी स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

No comments:

Post a Comment