नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। थाना समाधान दिवस के अवसर पर एडीजी जोन मेरठ भानु भास्कर द्वारा जनपद मेरठ के थाना कंकरखेड़ा का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने थाने में स्थापित मिशन शक्ति केन्द्र, डाक कार्यालय, साइबर हेल्प डेस्क, थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस / कम्प्यूटर कक्ष एवं परिवार परामर्श केन्द्र का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मिशन शक्ति केन्द्र पर महिला फरियादियों के लिए की गई व्यवस्थाओं, साइबर हेल्प डेस्क पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति, सीसीटीएनएस पर ऑनलाइन कार्यों की प्रगति और परिवार परामर्श केन्द्र में आने वाले पारिवारिक विवादों के निस्तारण की जानकारी ली।
थाना समाधान दिवस पर प्राप्त जन शिकायतों को गंभीरता से सुनकर गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी से शालीन व्यवहार किया जाए और महिला सुरक्षा व साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान थाना प्रभारी कंकरखेड़ा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment