Breaking

Your Ads Here

Tuesday, September 8, 2026

छात्राओं की समस्याओं को लेकर विद्यार्थी परिषद का आंदोलन, 4 घंटे के प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने दिया मांगें पूरी करने का आश्वासन

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा आज सेज विश्वविद्यालय परिसर में गर्ल्स छात्रावास की छात्राओं की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया गया। गर्ल्स हॉस्टल की मैस में लगातार भोजन में कीड़े निकलने की शिकायतों को लेकर छात्राओं में भारी आक्रोश था। छात्राओं का कहना था कि पूर्व में भी भोजन में कीड़े निकलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे कई छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। इस गंभीर समस्या के विरोध में बड़ी संख्या में छात्राओं ने स्वयं आंदोलन में सहभागिता करते हुए मैस व्यवस्था को तत्काल बदलने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने हॉस्टल में चिकित्सा सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। हॉस्टल के विद्यार्थियों के लिए बनाया गया मेडिकल रूम लंबे समय से बंद पड़ा था और उस पर ताला लगा हुआ था। आपातकालीन परिस्थितियों में छात्राओं को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही थी। विद्यार्थी परिषद ने मांग की कि मेडिकल रूम को तत्काल शुरू किया जाए तथा वहां नियमित रूप से डॉक्टर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


लगभग चार घंटे तक चले आंदोलन के पश्चात विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार आंदोलन स्थल पर पहुंचे और विद्यार्थी परिषद एवं छात्राओं से चर्चा की। रजिस्ट्रार ने आश्वासन दिया कि गर्ल्स हॉस्टल की मैस के वर्तमान ठेकेदार का टेंडर बदलने की प्रक्रिया की जाएगी। साथ ही, बंद पड़े मेडिकल रूम को तत्काल प्रभाव से खुलवाकर वहां डॉक्टर की व्यवस्था भी की जाएगी। 


अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के महानगर मंत्री देवेश गुर्जर ने कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्राओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय या उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बिल्कुल भी सहन नहीं करेगी। छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। 

विद्यार्थी परिषद सदैव छात्र हितों के लिए संघर्ष करती रही है और भविष्य में भी छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी मजबूती के साथ खड़ी रहेगी।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here