Monday, September 28, 2026

राज ज्वैलर्स में हुई सोने की चोरी का 48 घंटे में खुलासा, पश्चिम बंगाल से 2 गिरफ्तार, 382 ग्राम सोना बरामद


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। थाना सदर बाजार पुलिस ने राज ज्वैलर्स में हुई सोने की ज्वैलरी चोरी की घटना का 48 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के हुगली से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 382.100 ग्राम सोने की सामग्री बरामद की है।

25 सितंबर 2026 की रात थाना सदर बाजार क्षेत्र में राज ज्वैलर्स के द्वितीय तल का शटर और सरिया काटकर प्लास्टर एवं मोम में जड़ी करीब 400 ग्राम सोने की ज्वैलरी चोरी कर ली गई थी। वादी एसके अजीजू पुत्र राहुल की तहरीर पर थाना सदर बाजार में मुकदमा संख्या 236/2026 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर एसपी सिटी के निर्देशन और सीओ कैंट के पर्यवेक्षण में 3 पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस व स्वाट टीम की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए।

विवेचना में विश्वनाथ पाथर उर्फ छोटो पुत्र पिरु पाथर और साहिल मण्डल पुत्र ताज़न अली मण्डल निवासी ग्राम कोलाबुकुर, थाना ताइकेश्वर, जनपद हुगली, पश्चिम बंगाल का नाम सामने आया। पुलिस टीम तकनीकी जानकारी और लोकेशन के आधार पर हुगली पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से मिर्जानगर गांव के पास से दोनों को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।

उनके कब्जे से एक डिब्बे में 196.300 ग्राम और दूसरे डिब्बे में 185.800 ग्राम, कुल 382.100 ग्राम पीली धातु सहित सामग्री बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर अभियोग में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई।

ऐसे दिया घटना को अंजाम
पूछताछ में विश्वनाथ ने बताया कि वह पहले मेरठ में राज ज्वैलर्स के पास उसी बिल्डिंग में हैदर की दुकान पर सर्राफा कारीगर का काम करता था। इसी दौरान उसे दुकान की बनावट और अंदरूनी व्यवस्था की जानकारी हो गई थी। पैसों की जरूरत के चलते उसने चोरी की योजना बनाई और अपने गांव के साहिल मण्डल को शामिल किया, जो हैदराबाद में सर्राफा कारीगर है।

योजना के तहत दोनों 24 सितंबर को दिल्ली में मिले और 25 सितंबर की रात मेरठ पहुंचे। साहिल ब्लेड लेकर आया था। विश्वनाथ बाहर निगरानी करता रहा, जबकि साहिल ने शटर/सरिया काटकर अंदर घुसकर सीसीटीवी उपकरण हटाकर ज्वैलरी चोरी कर ली। इसके बाद दोनों गाजियाबाद से कालका मेल पकड़कर पश्चिम बंगाल भाग गए। पूछताछ में उन्होंने चोरी के सोने का कुछ हिस्सा गलाने की बात भी कबूली।

दोनों अभियुक्तों को हुगली कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर 28 सितंबर को मेरठ लाया गया और न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment