Breaking

Your Ads Here

Friday, September 11, 2026

नमो भारत अनप्लग्ड - लाइव म्यूजिकल फ्राइडेज की संगीतमय शाम अब मेरठ में, बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर हुआ सीजन-3 का आगाज़

- हर शुक्रवार शाम 5 से 6 बजे बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर सजेगी सुरों की महफ़िल


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। यात्रियों के सफर में संगीत और सुकून के रंग भरने वाली एनसीआरटीसी की लोकप्रिय पहल ‘नमो भारत अनप्लग्ड: लाइव म्यूजिकल फ्राइडेज़’ अब मेरठ पहुंच गई है। इस संगीतमय श्रृंखला के तीसरे सीजन का आज, 11 सितंबर 2026 को बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर आगाज़ हुआ। इस कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से यात्रियों और संगीत प्रेमियों को झूमने के लिए मजबूर कर दिया और उनकी शाम को यादगार बना दिया। अब हर शुक्रवार शाम 5 से 6 बजे तक बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर यह संगीतमय महफ़िल आयोजित की जाएगी।


बीते दो सालों में इस श्रृंखला की अपार सफलता के बाद, लोगों की भारी मांग पर इस सीजन को मेरठ तक विस्तार दिया गया है। इस कार्यक्रम को अबतक लोगों की काफी उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया, भागीदारी और सराहना मिली है और अब मेरठ में भी लोगों को यात्रा के दौरान लाइव म्यूजिक का आनंद लेने और संगीत से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इस कार्यक्रम में मेरठ इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) के म्यूजिकल बैंड ‘स्वरांग’ ने विभिन्न संगीतमय प्रस्तुतियों से माहौल को सुरमयी बना दिया।साथ ही, युवा कलाकार अंशुमन द्विवेदी ने सबको अपने गाने से मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों का यात्रियों ने तालियों और उत्साह के साथ स्वागत किया और संगीत की धुनों के बीच स्टेशन का माहौल जीवंत हो उठा। कोई उनकी धुन पर साथ गाता और नाचता नज़र आया तो वहीं बहुत से लोगों ने इस शाम को अपने कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा किया। स्टेशन पर मौजूद लोगों के लिए यह सुरीली शाम रोज़मर्रा की यात्रा से अलग एक खुशनुमा अनुभव लेकर आई।


मेरठ शहर के केंद्र में स्थित बेगमपुल नमो भारत स्टेशन कॉरिडोर के प्रमुख स्टेशनों में से एक है, जहाँ यात्रियों की सबसे अधिक संख्या भी देखी जाती है। आबू लेन मार्केट और शहर के प्रमुख बिज़नेस डिस्ट्रिक्ट के बीच स्थित यह भूमिगत स्टेशन नमो भारत और मेरठ मेट्रो, दोनों सेवाएं उपलब्ध कराता है। इसीलिए अपने परिचालन के साथ ही यह स्टेशन शहर के एक प्रमुख मोबिलिटी हब के रूप में उभरा है। ऐसे में यात्रियों की निरंतर आवाजाही के बीच आयोजित होने वाली ये संगीतमय शामें स्टेशन के अनुभव को और जीवंत बनाने का माध्यम बनेंगी।एनसीआरटीसी की इस संगीतमय पहल के साथ उसका प्रयास है कि यात्रियों को उनके रोज़मर्रा के सफर के बीच एक ऐसा अनुभव प्रदान किया जाए, जहाँ वे अपनी व्यस्त दिनचर्या से थोड़ा विराम लेकर, कुछ पल ठहरकर संगीत का आनंद ले सकें और साथी यात्रियों के साथ एक साझा सांस्कृतिक अनुभव का हिस्सा बन सकें। साथ ही, इसका उद्देश्य सभी नमो भारत यात्रियों, युवाओं, स्टूडेंट्स और किसी भी वर्ग के संगीत के चाहने वालों के लिए एक खुला मंच प्रदान करना है, जहाँ वे अपनी प्रतिभा को लोगों के साथ साझा कर सकें। एनसीआरटीसी निरंतर प्रयासरत रही है कि नमो भारत स्टेशनों को केवल आवागमन के केंद्र के रूप में नहीं, बल्कि लोगों के अनुभवों और रचनात्मकता से जुड़ने वाले जीवंत सार्वजनिक स्थलों के रूप में विकसित किया जाए, यह पहल उसी दिशा में बढ़ाया जा रहा एक और कदम है। 



इस श्रृंखला का पहला सीजन 2024 में गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन पर और दूसरा सीज़न पिछले साल यानी 2025 में आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर आयोजित किया गया था। इस दौरान हर शुक्रवार की शाम स्टेशन का माहौल लाइव म्यूजिक से गुलज़ार होता था। यात्री अपने सफर के बीच संगीत से जुड़ने के लिए बड़ी संख्या में इन प्रस्तुतियों का आनंद लेने के लिए विशेष रूप से पहुंचते थे। यात्रियों के उत्साह और लगातार मिल रही सराहना के साथ नमो भारत अनप्लग्ड: लाइव म्यूजिकल फ्राइडेज़ सीजन-3 में अब हर शुक्रवार बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर सफर के साथ सुरों का यह सिलसिला जारी रहेगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here