Tuesday, September 15, 2026

कृष्णापुरम मलियाना में 10 माह से अधूरा पड़ा पेयजल लाइन का कार्य, गंदा पानी पीने को मजबूर लोग


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। बागपत रोड स्थित कृष्णापुरम, मलियाना में पेयजल पाइप लाइन बिछाने का कार्य पिछले 10 माह से अधूरा पड़ा है। जिससे स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। 

इस संबंध में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल उत्तर प्रदेश (पंजी.) के महानगर उपाध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता ने मुख्य नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में अवगत कराया गया है कि कॉलोनी में बिछी पुरानी पानी की लाइन अत्यंत जर्जर हो चुकी है, कई स्थानों से लीकेज हो रही है। लीकेज के कारण गलियों में लगातार जलभराव की स्थिति बनी रहती है, वहीं घरों में आपूर्ति के दौरान गंदा और दूषित पानी आ रहा है। दूषित पानी पीने से क्षेत्र के लोग लगातार बीमार हो रहे हैं और गंदे पानी के कारण कैंसर जैसी घातक बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है।

व्यापार मण्डल ने मांग की है कि ठेकेदार द्वारा लटकाए जा रहे नई पाइप लाइन बिछाने के कार्य को शीघ्र पूरा कराने के आदेश पारित किए जाएं, ताकि कॉलोनीवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। इस ज्ञापन की प्रतिलिपि मा. मुख्यमंत्री, उ.प्र. सरकार, लखनऊ, मण्डलायुक्त मेरठ मण्डल एवं जिलाधिकारी मेरठ को भी आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई है।

No comments:

Post a Comment