Sunday, August 23, 2026

चीनी के दाम बढ़ने पर सपा नेताओं ने सरकार को घेरा


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। चीनी के दामों में हुई बढ़ोतरी को लेकर समाजवादी पार्टी ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। 

नगर निगम में समाजवादी पार्टी पार्षद दल के पूर्व नेता अफजाल सैफी, पूर्व प्रदेश सचिव समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ, पूर्व पार्षद रामदत्त शर्मा और समाजवादी बाबा साहब अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व पार्षद सुमित बौद्ध ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि डबल इंजन की सरकार ने चीनी के दाम बढ़ाकर गरीब के मुंह से चाय का प्याला छीनने और मिल मालिकों की तिजोरी भरने का काम किया है।

नेताओं ने कहा कि हम इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। उन्होंने मांग की कि -
1. चीनी का दाम 35 रुपये किलो किया जाए और मिल मालिकों के नुकसान की भरपाई केंद्र व राज्य सरकार करे। 2. चीनी के निर्यात पर तत्काल रोक लगाई जाए। 
3. 80 रुपये किलो फुटकर में चीनी बेचने और स्टॉक करने वाले बड़े थोक विक्रेताओं और चीनी माफियाओं के खिलाफ व्यापार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाए। 
4. जब्त चीनी स्टॉक को छोटे और फुटकर विक्रेताओं को कम दाम पर उपलब्ध कराया जाए ताकि गरीब जनता के बच्चे चाय से वंचित न रहें। 

सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने मांगें नहीं मानी तो समाजवादी पार्टी "चीनी बचाओ आंदोलन" करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र और राज्य सरकार की होगी। समाजवादी पार्टी जनता का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

No comments:

Post a Comment