नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। थाना सरूरपुर पुलिस को गौकशी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गौकशी की तैयारी कर रहे दो अभियुक्तों को मुठभेड़ के बाद घायलावस्था में गिरफ्तार किया है।
एसपी मेरठ के आदेश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत 23/24 अगस्त की रात थाना प्रभारी सरूरपुर गौरव सिंह पुलिस बल के साथ हर्रा-खिवाई मोड़ पर चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि हिंडन नदी पुल से पहले गैस प्लांट के सामने बरनावा-बिनौली मार्ग पर खेतों में 3 लोग एक आवारा गोवंश को पेड़ से बांधकर गौकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो अभियुक्तों के पैर में गोली लगी।
घायलों की पहचान तसलीम पुत्र आबिद (28 वर्ष) और भूरा पुत्र आबिद (26 वर्ष), दोनों निवासी कस्बा खिवाई, थाना सरूरपुर के रूप में हुई। दोनों को सीएचसी सरूरपुर में भर्ती कराया गया है। तीसरा साथी अंधेरे और गन्ने के खेत का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में कॉम्बिंग की जा रही है।
मौके से पुलिस ने 02 अवैध तमंचे 315 बोर, 02 खोखा कारतूस, 02 चाकू, 01 बांका/गंडासा, 01 सूजा, 01 जीवित गोवंश और बिना नंबर प्लेट की काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त तसलीम पर गौवध अधिनियम, गैंगस्टर, चोरी सहित 15 मुकदमे और भूरा पर 10 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। दोनों शातिर गौकश हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गौरव सिंह के साथ उपनिरीक्षक सूर्य प्रकाश, शैलेन्द्र सिंह, प्रमोद कुमार, शाबिर अली सहित 14 पुलिसकर्मी शामिल रहे।
No comments:
Post a Comment