Tuesday, August 4, 2026

सेंटल्यूक्स उपकेंद्र में सुरक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के तत्वावधान में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र सेंटल्यूक्स में लाइनमैन और टीजी-2 कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम का उद्देश्य विद्युत सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग, उपकेंद्र पर कार्यों की सुरक्षित प्रक्रिया और विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के प्रति कर्मचारियों को जागरूक करना था। प्रशिक्षण कार्यक्रम अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लखनऊ और प्रबंध निदेशक, पीवीवीएनएल के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान कर्मचारियों को उपकेंद्रों पर कार्य करते समय अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं, विद्युत उपकरणों के रख-रखाव, सुरक्षा किट के प्रयोग और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई। सुरक्षा किट के उपयोग, ट्रांसफार्मर की सुरक्षा और विद्युत उपकरणों के सुरक्षित संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। साथ ही ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा, लाइनों के रख-रखाव, उपकेंद्र संचालन की तकनीकी बारीकियों और आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि नियमित प्रशिक्षण कर्मचारियों की कार्यकुशलता और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।


समापन अवसर पर सभी कर्मचारियों को विद्युत कार्यों के दौरान पूर्ण सतर्कता बरतने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने कहा कि नियमित प्रशिक्षण से दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकती है। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता (मुख्यालय) अभिषेक श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता मांज सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment