Tuesday, August 4, 2026

डीएम और एसएसपी ने किया मवाना गंग नहर पटरी कांवड़ मार्ग का निरीक्षण

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने संबंधित अधिकारियों के साथ मवाना गंग नहर पटरी कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।


अधिकारियों ने शिव मंदिर रामराज, शाहपुर बटावली, मवाना नहर पुल, झारखंडी शिव मंदिर, शाहजहांपुर पुल कांवड़ मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था, सड़क मरम्मत, पेंचवर्क, शुद्ध पेयजल, बैरिकेडिंग, गोताखोर व मोटरबोट की तैनाती, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और मोबाइल टॉयलेट सहित सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के लिए सौंपे गए कार्यों का शत-प्रतिशत निर्वहन समय से सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, उपजिलाधिकारी मवाना संतोष कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह सहित लोक निर्माण, सिंचाई, जल निगम, विद्युत, नगर पालिका और पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment