Saturday, August 15, 2026

शहीद चन्द्रभान का बलिदान दिवस श्रद्धा से मनाया गया


शहीद चन्द्रभान द्वार पर ध्वजारोहण, विचार संगोष्ठी में वीर सपूत को किया नमन

नित्य संदेश ब्यूरो 
मवाना। शहीद चन्द्रभान स्मारक समिति के तत्वावधान में रविवार को शहीद चन्द्रभान के बलिदान दिवस के अवसर पर शहीद चन्द्रभान द्वार पर ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान उपस्थित गणमान्य लोगों ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके राष्ट्रहित में दिए गए अतुलनीय बलिदान को याद किया।

ध्वजारोहण के उपरांत समिति कार्यालय पर एक विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी और उसकी रक्षा के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों का बलिदान सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समिति अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि देश के रणबांकुरों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की गौरवशाली स्मृतियों को हमेशा हृदय में जीवित रखना चाहिए। आजादी हमें वीर शहीदों के संघर्ष और बलिदान से मिली है, इसलिए नई पीढ़ी को उनके इतिहास से अवगत कराना हम सबकी जिम्मेदारी है।

समिति के उपाध्यक्ष युसूफ कुरैशी ने कहा कि शहीदों को याद करने वाले ऐसे कार्यक्रम युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना पैदा करते हैं। हमें उनके बलिदान को केवल याद ही नहीं करना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में अपनाना भी चाहिए। समिति सचिव गजेन्द्र पाल सिंह एडवोकेट ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में मवाना तहसील का महत्वपूर्ण स्थान है। इस क्षेत्र के अनेक वीर सपूतों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष कर आजादी में अहम योगदान दिया।

कोषाध्यक्ष डॉ. एम. असलम एडवोकेट ने कहा कि मवाना की पावन धरती ने शहीद चन्द्रभान जैसे महान सपूत को जन्म दिया। उनकी कुर्बानी को मवाना की जनता कभी भुला नहीं सकती। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान किसी एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की अमूल्य विरासत है।कार्यक्रम की अध्यक्षता अजय सिंह ने की, जबकि संचालन डॉ. एम. असलम एडवोकेट ने किया।

इस अवसर पर अनिल त्यागी, राजकुमार एडवोकेट, राजेन्द्र सिंह अटोरा, अधिवक्ता नईम राणा, लोकतंत्र रक्षक सेनानी विनोद कामिल, विकास रस्तौगी, दीपक अरोड़ा, रियाजुद्दीन मलिक, गुलफाम कुरैशी, शहजाद फरीदी, राजू कश्यप, सन्नी अरोड़ा, शाहनवाज ठेकेदार, इकबाल बुलाकी, प्रधानाचार्य सरूर इकबाल जैदी, मनोज यादव, मोहम्मद इकबाल, हाजी मतीन अहमद, वसीम अहमद, मोहित कश्यप, रोहित वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व समिति सदस्य उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment