नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। गार्गी गर्ल्स स्कूल गंगानगर में दो दिवसीय अंतर विद्यालयी संगीत महोत्सव 'मल्हार' का भव्य शुभारंभ हुआ। संगीत, सुर, लय और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति से सजे इस आयोजन में मेरठ के 25 से अधिक प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। 'मल्हार' पिछले 15 वर्षों से निरंतर विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और कलात्मक अभिव्यक्ति को नई उड़ान देने का सशक्त माध्यम बना हुआ है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के मैनेजिंग ट्रस्टी विनीत गर्ग एवं प्रधानाचार्या डॉ. वाग्मिता त्यागी ने मुख्य अतिथि को ग्रीन पॉट भेंट कर हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत किया। इस अवसर पर निर्णायक मंडल की सदस्य मनिका जौहरी, संगीत शिक्षिका तथा सम्यक जैन, संस्थापक - साउंड एंड म्यूजिक एकेडमी का भी ग्रीन पॉट भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती वंदना, गणेश मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रस्तुत 'शिव आराधना' पर आधारित स्वागत नृत्य ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा और सौंदर्य से भर दिया।
प्रथम दिवस की प्रतियोगिताएं:
- मेघ मल्हार राग - शास्त्रीय गायन
- रॉक बैंड - 80-90 के दशक के गीत
- आशा भोसले एवं आर. डी. बर्मन के सुरों से सजा युगल गीत
मेघ मल्हार की शास्त्रीयता ने भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा की झलक प्रस्तुत की, वहीं रॉक बैंड की प्रस्तुतियों में युवाओं की ऊर्जा और आधुनिक संगीत के प्रति रचनात्मक दृष्टि दिखाई दी। युगल गायन में सधे हुए सुरों, भावपूर्ण अभिव्यक्ति और उत्कृष्ट तालमेल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। निर्णायक मंडल द्वारा सभी प्रस्तुतियों का सूक्ष्म एवं निष्पक्ष मूल्यांकन स्वर-शुद्धता, लय, ताल, भावाभिव्यक्ति, प्रस्तुति शैली, वाद्य-संगीत, रचनात्मकता एवं मंचीय आत्मविश्वास के आधार पर किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।



No comments:
Post a Comment