नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। सनातन धर्म सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज के परिसर में आज विभागस्तरीय विज्ञान एवं गणित मेले का भव्य आयोजन किया गया। “नवाचार की ओर एक कदम” विषय पर आयोजित मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान एवं गणित के प्रति जिज्ञासा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता तथा नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर वाई. विमला (कुलपति, मां शाकुम्भरी देवी विश्वविद्यालय, सहारनपुर) ने की। मुख्य अतिथि डॉ. विजय कुमार सिंह (जिलाधिकारी मेरठ) तथा मुख्य वक्ता प्रदीप गुप्ता (प्रांतीय संगठन मंत्री, विद्या भारती) रहे। मेले में 17 विद्यालयों के लगभग 300 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बाल वर्ग, किशोर वर्ग एवं तरुण वर्ग में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रश्न मंच, प्रयोगात्मक पत्र वाचन तथा विज्ञान एवं गणित के मॉडल प्रतियोगिता के प्रमुख आकर्षण रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विज्ञान एवं गणित के मॉडलों का अवलोकन कर उनके रचनात्मक प्रयासों की सराहना की।
जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने विद्यार्थियों के प्रदर्शों की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिशु मंदिर द्वारा दी जा रही शिक्षा से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने कहा कि केवल किताबी ज्ञान से नौकरी प्राप्त की जा सकती है, लेकिन जीवन में पूर्ण संतुष्टि के लिए व्यावहारिक ज्ञान एवं रचनात्मक सोच आवश्यक है। किसी भी कार्य को करने से पूर्व उसके बारे में उचित ज्ञान अर्जित करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे आंख बंद कर भीड़-चाल का हिस्सा न बनें, बल्कि तथ्यों को समझकर और ज्ञान प्राप्त कर अपने निर्णय लें।
विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विज्ञान एवं गणित के मॉडल तथा अन्य प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए वरिष्ठ एवं अनुभवी निर्णायक मंडल उपस्थित रहा। निर्णायक मंडल में डॉ. युवराज शर्मा, डॉ. पी.के. सिंह, डॉ. दीपक शर्मा, डॉ. बिजेन्द्र ध्यानी, कुलदीप सिंह, अभिषेक, मीनू, डॉ. नीरजा शर्मा, डॉ. शालिनी, सुशील कुमार, ज्ञानेश्वर, विवेक पुण्डीर, डॉ. अनिल, रेनू शर्मा एवं धर्मेन्द्र तालियान सहित अन्य विशेषज्ञ शामिल रहे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रदीप जैन, कुलाधिपति, विद्या ग्लोबल विश्वविद्यालय ने की। प्रोफेसर वी.पी. सिंह, कुल सचिव, कृषि विश्वविद्यालय भी उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में प्रोफेसर वी.पी. सिंह ने विद्या भारती एवं शिशु शिक्षा समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में विज्ञान एवं गणित जैसे विषयों को समझने, प्रयोग करने और उनके प्रति रुचि विकसित करने की प्रेरणा मिलती है।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के प्रमाण-पत्र, पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए बालेराम शिशु मंदिर एवं श्रीराम शिशु मंदिर, रामलीला ग्राउंड को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. रवि दत्त भाटिया, प्रबंधक डॉ. राजेश कपूर, विश्व मोहन नौटियाल, इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या गीता पुण्डीर तथा शिशु मंदिर की प्रधानाचार्या नमिता जैन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संयोजन में इंटर कॉलेज तथा शिशु मंदिर के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
विद्या भारती एवं शिशु शिक्षा समिति की ओर से जगबीर, सुरेश, प्रभात, अनिल पंवार, कपिल कुमार, गीता अग्रवाल, नीता सहित अन्य प्रधानाचार्यों एवं कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया। अंत में प्रधानाचार्या ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
विज्ञान एवं गणित मेले ने विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता एवं नवाचार की प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ सीखने और प्रयोग करने का प्रेरणादायक अवसर प्रदान किया।
No comments:
Post a Comment