नरेश कुमार
नित्य संदेश, मेरठ। सावन माह की कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि गुरुवार को साकेत स्थित मां बगलामुखी मंदिर में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भंडारे का आयोजन किया गया। रिमझिम बारिश के बीच आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया तथा प्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे में श्रद्धालुओं को कचौरी, खीर और मट्ठे का प्रसाद वितरित किया गया।
बारिश के सुहावने मौसम और बाबा भोलेनाथ की कृपा से श्रद्धालुओं ने बिना किसी
असुविधा के भक्ति भाव के साथ प्रसाद का आनंद लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर
परिसर "हर-हर महादेव" के जयघोष से गूंजता रहा। भंडारे का संयोजन आचार्य
प्रदीप गोस्वामी के नेतृत्व में किया गया। आचार्य प्रदीप गोस्वामी ने बताया कि सावन
का महीना भगवान शिव को अति प्रिय है। गुरुवार का दिन भगवान विष्णु को समर्पित माना
गया है। इस समय सावन चल रहा है और आज 6 अगस्त को गुरुवार है। भगवान शिव के साथ
भगवान विष्णु की कृपा पाने के लिए शिवलिंग का जलाभिषेक करने के साथ ही केले के
पेड़ की पूजा और श्री हरि का पूजन किया जा सकता है। मान्यता है कि पीले वस्त्र,
चने की दाल और केले का दान करने से भी श्री हरि प्रसन्न होते हैं।
इस अवसर पर आशा वाधवा, अर्जुन वाधवा, अभिमन्यु, निंबा, शिवानी, हिमांशु वर्मा,
कामेश शर्मा, विपुल सिंघल, नरेश कुमार, मुकुल शिव, हर्ष यादव, हर्षित मित्तल एवं
आईपी सिंह, गोपाल भया सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए भगवान भोलेनाथ से सुख,
समृद्धि और लोककल्याण की कामना की।

No comments:
Post a Comment