Monday, August 31, 2026

"नफरत नहीं, प्रेम बांटें; धार्मिक एवं आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा दें" - सद्भावना मंच का मजबूत सामाजिक संदेश

 


क़ारी महबूब हसन मुज़फ्फरनगरी

नित्य संदेश, मेरठ: जमीयत उलमा जिला मेरठ के तत्वावधान में सद्भावना मंच द्वारा एक महत्वपूर्ण सामाजिक एवं सुधारात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सद्भावना मंच, जमीयत उलमा जिला मेरठ द्वारा गत दिवस मदरसा इस्लामिया अरबिया हशमतुल उलूम, गांव लोहिया, तहसील सरधना, जिला मेरठ में "सद्भावना मंच एवं एकता समाज" शीर्षक से एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों, वर्गों के धार्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने शिरकत की।


कार्यक्रम की अध्यक्षता मौलाना नबील अहमद कमालपुरी, अध्यक्ष जमीयत उलमा जिला मेरठ ने की, जबकि संचालन मौलाना अब्दुल मोमिन महमूदी, महासचिव जमीयत उलमा जिला मेरठ ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में मौलाना मूसा कासमी, संयोजक सद्भावना मंच पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा मौलाना एहसान कासमी शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य संदेश:

1. शिक्षा और संस्कार पर जोर: वक्ताओं ने कहा कि समाज के निर्माण के लिए नई पीढ़ी को धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा, अच्छे संस्कार, मेहनत, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच का प्रशिक्षण देना जरूरी है।

2. नशा मुक्त समाज: नशीले पदार्थों के बढ़ते चलन पर चिंता जताई गई। युवाओं से नशे से दूर रहने और अभिभावकों से इसके खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने की अपील की गई।

3. जल है तो कल है: जल संरक्षण को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि पानी अल्लाह की महान नेमत है, इसकी बर्बादी रोकना हर नागरिक का फर्ज है।

4. वृक्षारोपण एवं पर्यावरण: पेड़ों को मानव जीवन के लिए ऑक्सीजन का स्रोत बताते हुए हर व्यक्ति से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी हिफाजत करने का आह्वान किया गया।

5. सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल: अफवाहों और गलत सूचनाओं से बचने और सोशल मीडिया का इस्तेमाल नफरत फैलाने के बजाय शिक्षा, सुधार और एकता के लिए करने की अपील की गई।

वक्ताओं ने कहा कि देश की मजबूती तभी संभव है जब सभी वर्ग आपसी सम्मान, प्रेम, भाईचारे और शांति के साथ आगे बढ़ें।



कार्यक्रम में प्रमुख सहभागिता:

कार्यक्रम में जगबीर सिंह, धनपाल प्रधान, सतबीर सिंह, महकार सिंह, सचिन, सोनवीर सिंह, जोगेंद्र जाटव, सतपाल सिंह प्रधान, सुखबीर पाल, तारा सिंह, पंडित सदामा शर्मा, जगदीश जाटव और प्रधान आरिफ साहब सहित अनेक सामाजिक व्यक्तियों ने भाग लिया। जमीयत उलमा की ओर से मौलाना अरीज़ुद्दीन कासमी (कोषाध्यक्ष), मौलाना आबिद साहब (उपाध्यक्ष), कारी वासिफ साहब (उपाध्यक्ष), हाफ़िज़ गुलज़ार साहब (सचिव), कारी फरहान साहब, मौलाना अनीस साहब, कारी आदिल साहब जानी मौजूद रहे।


तहसील सरधना से मौलाना शौकीन मजाहिरी पठलूकर (संयोजक सद्भावना मंच जिला मेरठ), मुफ्ती अब्दुस्समद साहब, मौलाना आकिल साहब, मौलाना तसव्वुर साहब, मुफ्ती फरहत कासमी, मौलाना मुनव्वर साहब, कारी उबैदुर्रहमान कैली तथा जमीयत उलमा तहसील सरधना के सभी सदस्य और मदरसा प्रबंधन समिति के हाफिज सैयद इकरार साहब, मौलाना गुलज़ार साहब उपस्थित रहे। अंत में संकल्प लिया गया कि शिक्षा, नशामुक्त समाज, जल संरक्षण, वृक्षारोपण और आपसी भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सद्भावना मंच भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

No comments:

Post a Comment