Breaking

Your Ads Here

Sunday, August 2, 2026

'आनंदी माँ - एक जीवन बचाओ अभियान' के तहत स्ट्रीट गुरुकुल के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से संचालित "आनंदी माँ - एक जीवन बचाओ अभियान" के अंतर्गत चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में स्ट्रीट गुरुकुल के बच्चों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

विश्वविद्यालय परिसर में सामुदायिक सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत संचालित स्ट्रीट गुरुकुल में यह कार्यक्रम महिला अध्ययन केंद्र द्वारा कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान फार्मेसी विभाग के विद्यार्थियों ने बच्चों का वजन, लंबाई, हीमोग्लोबिन स्तर, मौखिक स्वास्थ्य सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। बच्चों को दांतों और मुंह की स्वच्छता, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित हाथ धोने और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। विद्यार्थियों ने बच्चों और उनके अभिभावकों को दैनिक जीवन में अपनाई जाने वाली अच्छी आदतों के लिए प्रेरित किया।

स्वास्थ्य जागरूकता सत्र एवं परीक्षण शिविर का आयोजन फार्मेसी विभाग की प्राचार्या डॉ. वैशाली पाटिल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में श्री भारत भूषण शर्मा, श्री अगनपाल, डॉ. धर्मेंद्र कुमार और गार्गी का विशेष सहयोग रहा।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस प्रकार के सामाजिक एवं स्वास्थ्य उन्मुख कार्यक्रमों को समाज के वंचित वर्गों तक पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और छात्र अंजलि, आस्था, आदिती, कुनाल, कार्तिक द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here