Tuesday, August 25, 2026

चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस पर विविध खेल गतिविधियों का आयोजन, कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने लगाई वॉकाथॉन में दौड़


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग द्वारा प्रातः 7:00 बजे राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का भव्य आयोजन किया गया।

यह आयोजन राज्यपाल सचिवालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्रांक संख्या- 5640/32-जी.एस./2026 (S) दिनांक 19 अगस्त, 2026 के तत्वावधान में किया गया। राष्ट्रीय खेल दिवस प्रतिवर्ष हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती 29 अगस्त को मनाया जाता है। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के निर्देशन में खेल परिसर में खेल भावना व शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने, विद्यार्थियों, शिक्षकों व कर्मचारियों में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वॉकाथॉन, 100 मीटर रेस, 400 मीटर रेस, बैडमिंटन, साइकिल रेस एवं योग सहित विभिन्न खेल व फिटनेस गतिविधियां कराई गईं। जिसमें विश्वविद्यालय के छात्रों, खिलाड़ियों, कर्मचारियों व अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।



कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण -
आज के कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला का स्वयं वॉकाथॉन में छात्रों, खिलाड़ियों, कर्मचारियों व अधिकारियों के साथ हिस्सा लेना रहा। साथ ही उन्होंने माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजनैतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार डॉ. सोमेंद्र तोमर व प्रो. बीरपाल के साथ बैडमिंटन खेला। कुलपति जी ने न केवल छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत के रूप में कार्य किया, बल्कि स्वयं खेल व फिटनेस गतिविधियों में प्रतिभाग कर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी को सच्ची श्रद्धांजलि दी।


विभाग के सहायक आचार्य डॉ. गुलाब सिंह रूहल ने बताया कि इस आयोजन का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य भारत सरकार के 'फिट इंडिया, स्वस्थ भारत', 'खेलेगा भारत जीतेगा भारत' एवं 'एक घंटा खेल के मैदान में' के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना भी है। इस अवसर पर उपकुलसचिव सत्यप्रकाश, प्रो. दुष्यन्त चौहान (जूलॉजी विभाग), प्रो. अरुण कुमार सिरोही (शिक्षा विभाग), डॉ. ओमपाल शास्त्री (संस्कृत विभाग), डॉ. ओमपाल (खेल विभाग), डॉ. नवज्योति (योग विभाग), डॉ. प्रवीण कुमार व डॉ. वर्षा गौतम (शारीरिक शिक्षा विभाग), डॉ. शशि भारती व श्री मनोज त्यागी (खेल विभाग) सहित सहायक आचार्य डॉ. जी.एस. रूहल स्वयं उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment