Thursday, August 20, 2026

विश्व छायांकन दिवस पर फोटोग्राफी संगठनों ने किया वृक्षारोपण

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। विश्व छायांकन दिवस के अवसर पर इंदौर शहर के फोटोग्राफर्स ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए छोटा बिलावली स्थित अहिल्या वन में सामूहिक रूप से वृक्षारोपण किया।


इस अवसर पर शहर के प्रमुख फोटोग्राफी संगठनों प्रोफेशनल फोटोग्राफर्स वेलफेयर एसोसिएशन, इंदौर (PPWAI), इंदौर फोटो एवं वीडियो एसोसिएशन (IPVA) तथा इंदौर फोटो एवं वीडियो कैमरा एसोसिएशन (IPVCA) से जुड़े फोटोग्राफर्स एक मंच पर एकत्रित हुए और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।


वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन इंदौर नगर निगम एवं प्रयास सामाजिक सेवा संस्था के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम के दौरान लगभग 250 पौधों का रोपण किया गया। इनमें पीपल, जामुन, करौंदा सहित विभिन्न प्रजातियों के लगभग 3 से 4 फीट ऊँचाई वाले पौधे लगाए गए।


फोटोग्राफर्स ने कहा कि विश्व छायांकन दिवस केवल तस्वीरों और कैमरे से जुड़े लोगों का दिवस नहीं है, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर है। जिस प्रकार एक तस्वीर आने वाली पीढ़ियों के लिए किसी पल को संजोकर रखती है, उसी प्रकार आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर जीवन का आधार बनेंगे।

इस अवसर पर शहर के विभिन्न फोटोग्राफी संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर ऐसे सामाजिक एवं रचनात्मक कार्य करने का संकल्प लिया।

No comments:

Post a Comment