नित्य संदेश ब्यूरो
परीक्षितगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम वर्ष 2026-27 के अंतर्गत परीक्षितगढ़ में विकास खंड स्तरीय एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) चौधरी यशवीर सिंह सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सभागार में क्षेत्र के सैकड़ों प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे। इस अवसर पर अपने संबोधन में राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त चौधरी यशवीर सिंह ने किसानों को श्रीअन्न (मिलेट्स) का महत्व समझाया। उन्होंने कहा -"प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिलेट्स को 'श्रीअन्न' का नाम देकर इसे वैश्विक पहचान दिलाई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार किसानों को श्रीअन्न की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रही है। यह फसल कम पानी, कम लागत में अधिक उत्पादन देती है और पोषण का खजाना है।"
उन्होंने कहा कि ज्वार, बाजरा, रागी, सांवा, कोदो जैसी फसलें न केवल किसान की आय दोगुनी करेंगी, बल्कि मधुमेह और कुपोषण जैसी समस्याओं से लड़ने में भी सहायक हैं। कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों को उन्नत किस्म के बीज, बीज शोधन, जैविक खेती और सरकार की अनुदान योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में किसानों ने कहा कि राज्य मंत्री जी द्वारा दी गई जानकारी अत्यंत लाभदायक रही और इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए सराहनीय पहल हैं।
No comments:
Post a Comment