Monday, August 31, 2026

वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय में एलाइड हेल्थकेयर के नवप्रवेशित छात्रों के लिए दो दिवसीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम शुरू



नित्य संदेश ब्यूरो

गजराैला। वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ एलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए दो दिवसीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम 31 अगस्त से 1 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है।


रवींद्रनाथ टैगोर भवन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ समूह अध्यक्ष सुधीर गिरि, प्रतिकुलाधिपति राजीव त्यागी, कुलपति कृष्ण कांत दवे, प्रतिकुलपति मानस रंजन, कुलसचिव पीयूष कुमार पांडेय और डीन भूपेश गुप्ता ने सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह को संबोधित करते हुए संस्थापक अध्यक्ष सुधीर गिरि ने कहा कि एलाइड हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स की देश-विदेश में भारी मांग है। वेंकटेश्वरा समूह पिछले एक दशक से इस क्षेत्र में हजारों स्किल्ड प्रोफेशनल तैयार कर रहा है, जो आज देश-दुनिया के शीर्ष संस्थानों में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि समूह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय इंडस्ट्री की जरूरत के अनुरूप ट्रेंड प्रोफेशनल तैयार कर रहा है।



प्रतिकुलाधिपति राजीव त्यागी ने कहा कि देश में नया एलाइड हेल्थकेयर आयोग बनने से युवाओं के लिए अपार संभावनाएं बनी हैं, लेकिन इसके लिए छात्रों को खुद को भीड़ से अलग अपग्रेड करना होगा। कुलपति कृष्ण कांत दवे ने कहा कि अपोलो हेल्थकेयर एकेडमी के साथ शैक्षणिक गठबंधन से एलाइड एवं हेल्थकेयर सेक्टर में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का काम किया जाएगा। प्रतिकुलपति मानस रंजन ने छात्रों से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि हम जैसा सोचते हैं, वैसा ही बनते जाते हैं।



कुलसचिव पीयूष कुमार पांडेय ने कहा कि विश्वविद्यालय जीवन केवल डिग्री प्राप्त करने का सफर नहीं, बल्कि आत्म-खोज, नए अनुभवों और जीवन भर की सीखों का संगम है। इस अवसर पर डीन भूपेश गुप्ता, रीना जोशी, दीक्षा सिंह, मेरठ परिसर से निदेशक पंकज सिंह और मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित बड़ी संख्या में फैकल्टी और यूजी/पीजी के नवप्रवेशित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment