Tuesday, August 25, 2026

त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, ADG जोन ने किया फुट पैट्रोलिंग

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। आगामी त्योहारों के मद्देनजर मेरठ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एडीजी जोन भानु भास्कर द्वारा डीआईजी मेरठ रेंज, जिलाधिकारी मेरठ, एसएसपी मेरठ एवं अन्य पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में फुट पैट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

एडीजी जोन द्वारा इंदिरा चौक, बुढ़ाना गेट, धर्मशाला बिल्डिंग से निगार सिनेमा खैरनगर तक, फैज-ए-आम कॉलेज, केसरगंज और घंटाघर क्षेत्रों में पैदल गश्त की गई। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सतर्कता बरतने, भीड़-भाड़ वाले इलाकों में निरंतर निगरानी रखने और सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

गौरतलब है कि 26 अगस्त को बारावफात / ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के आयोजन को लेकर पूरे मेरठ जोन को अलर्ट पर रखा गया है। रेंज को 22 जोन और 90 सेक्टरों में बांटकर पुलिस बल की तैनाती की गई है। फुट पैट्रोलिंग के दौरान स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों से भी अधिकारियों ने संवाद कर सहयोग की अपील की।

No comments:

Post a Comment