Tuesday, August 25, 2026

महाकाल के चंद्रमौलेश्वर स्वरूप की पालकी यात्रा निकली, गूंजा ‘बोल बम’

•फूल बंगला सजा, सभा मंडप दक्षिण भारत की आध्यात्मिक पद्धति से हुआ अलंकृत


नवीन मौर्य

नित्य संदेश, उज्जैन। श्रावण मास के पावन अवसर पर श्री शिव शक्ति मिलन व भव्य पालकी यात्रा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। महाकाल-महामाई के अद्भुत मिलन के इस दिव्य अवसर पर भगवान महाकाल के चंद्रमौलेश्वर स्वरूप की भव्य पालकी यात्रा शाम 5 बजे रसोमा लेबोरेटरी के सामने स्थित हनुमान मंदिर से प्रारंभ हुई, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई रात 8 बजे श्री कालका भैरव कालका माता मंदिर परिसर, विजयनगर पहुंची।

यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्त झांझ-मंजीरे, ढोलक और अन्य वाद्ययंत्रों के साथ भक्ति में लीन होकर चल रहे थे। पूरे यात्रा मार्ग पर ‘बोल बम’ और ‘जय श्री महाकाल’ के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया।


मंदिर परिसर में भगवान महाकाल के गर्भगृह को आकर्षक फूल बंगले से सजाया गया, वहीं संपूर्ण सभा मंडप को दक्षिण भारत की आध्यात्मिक एवं पारंपरिक पद्धति के अनुरूप विशेष रूप से अलंकृत किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल एवं मां कालका के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।

आयोजन के दौरान कलाकारों द्वारा चंद्रमौलेश्वर उत्सव न्यासमाला की मनमोहक प्रस्तुति भी दी गई, जिसने श्रद्धालुओं को भक्तिरस से भावविभोर कर दिया। यात्रा में क्षेत्र के साथ-साथ शहर के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।


आयोजन मां कालका ग्वाल भैरव जन कल्याण समिति के तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में योगी पीर रामनाथ जी महाराज, भरतरी गुफा उज्जैन का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ।

No comments:

Post a Comment