पश्चिमी यूपी में करता था अवैध हथियारों की सप्लाई, वेल्डिंग मशीन से बनाता था तमंचे
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने थाना लालकुर्ती पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में अवैध असलहा बनाने और सप्लाई करने वाले गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त के पास से 21 अवैध तमंचे 315 बोर और हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।
यह गिरफ्तारी बीएसएनएल ऑफिस से माल रोड जाने वाले रास्ते पर कूड़ाघर के पास से की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान तजम्मुल पुत्र नसीम निवासी खैर नगर थाना देहलीगेट के रूप में हुई है। STF मेरठ के अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार की टीम मुखबिर की सूचना पर मौके पर पहुंची थी। तलाशी में उसके पास से बैग में रखे 21 तमंचे और हथियार बनाने का सामान मिला। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह पिछले 5 साल से अपने साथियों के साथ मिलकर अवैध हथियार बना रहा है। वह एक तमंचा 4 से 5 हजार रुपये में पश्चिमी यूपी के जिलों में बेचता था। वह छोटा बाजार लालकुर्ती स्थित अपने भाई के किराए के मकान में तमंचे बनाकर मुजफ्फरनगर सप्लाई करने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार, तजम्मुल पुराना हिस्ट्रीशीटर है। इससे पहले वर्ष 2022 में भी STF ने इसे थाना चरथावल मुजफ्फरनगर से 37 तमंचों के साथ गिरफ्तार किया था। जेल से छूटने के बाद वह फिर से अवैध धंधे में सक्रिय हो गया। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना लालकुर्ती में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा संख्या 136/2026 दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
5 साल से कर रहा था धंधा, एक तमंचा 5 हजार में बेचता था:
पूछताछ में अभियुक्त तजम्मुल ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर पिछले 5 वर्षों से अवैध हथियार बनाने का काम कर रहा है। वह पश्चिमी यूपी के जनपदों में तमंचे सप्लाई करता था। एक तमंचा 315 बोर 4000 से 5000 रुपये में बेचते थे।
बरामद माल: 21 तमंचे 315 बोर, 1 वेल्डिंग मशीन, 23 वेल्डिंग रॉल, 11 आरी के पत्ते, 1 हथौड़ी, 1 शिकंजा, 2 रेती और एक मोबाइल फोन।
No comments:
Post a Comment