Sunday, August 23, 2026

एपेक्स सिटी में के.एम.सी. कॉलेज द्वारा निःशुल्क फिजियोथेरेपी शिविर का आयोजन, 106 मरीजों ने कराई जांच


राहुल गौतम
नित्य संदेश, मेरठ। के.एम.सी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग एण्ड पैरामेडिकल साइंसेस के द्वारा रविवार को एपेक्स सिटी, बागपत रोड में निःशुल्क फिजियोथेरेपी शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का संचालन प्रसिद्ध फिजियोथेरेपिस्ट डा. रजनी यादव व उनकी टीम द्वारा किया गया। शिविर में पंजीकृत मरीजों की हड्डियों में कैल्शियम की जांच, शारीरिक कार्यक्षमता की जांच, हड्डी, जोड़ों, नसों व मांसपेशियों के दर्द की जांच अत्याधुनिक मशीनों द्वारा की गई। इसके साथ ही ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर की भी निःशुल्क जांच की गई। इस निःशुल्क शिविर में कुल 106 मरीजों को पंजीकृत किया गया। सभी मरीजों को दर्द से निजात पाने के उपायों एवं व्यायाम द्वारा शरीर को स्वस्थ रखने हेतु उचित परामर्श दिया गया।

इस अवसर पर डा. रजनी यादव ने कहा कि दर्द एक ऐसी समस्या है जिससे हर व्यक्ति परिचित है। दर्द होने पर व्यक्ति का दैनिक, सामाजिक और व्यावसायिक जीवन प्रभावित होता है। कई बार दर्द इतना भयंकर होता है कि व्यक्ति का जीवन कष्टमय हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए शिविर में मरीजों को दर्द से राहत के लिए उचित व्यायाम और दैनिक जीवन को सुचारु रूप से चलाने के उपाय बताए गए। शिविर में सभी मरीजों ने अपना परीक्षण कराया और दी गई चिकित्सीय सलाह से संतुष्ट नजर आए।

No comments:

Post a Comment