Breaking

Your Ads Here

Tuesday, July 28, 2026

ऊर्जा राज्य मंत्री ने की PVVNL के कार्यों की समीक्षा, B ग्रेड से A+ ग्रेड तक पहुंचने पर जताई सराहना

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने आज मेरठ स्थित डिस्कॉम मुख्यालय ऊर्जा भवन में पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि० (PVVNL) के वाणिज्यिक, तकनीकी एवं उपभोक्ता सेवाओं से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान 14 जनपदों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े रहे। मंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश के प्रत्येक उपभोक्ता को गुणवत्तापूर्ण, निर्बाध और समयबद्ध विद्युत सेवा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता हो।

बैठक में डिस्कॉम द्वारा किए गए कार्यों का प्रस्तुतीकरण किया गया। बताया गया कि -

PVVNL की बड़ी उपलब्धि:
केन्द्रीय ऊर्जा मंत्रालय की 14वीं इंटीग्रेटेड रेटिंग में PVVNL ने उल्लेखनीय सुधार करते हुए B ग्रेड से A+ ग्रेड प्राप्त किया है। यह वित्तीय अनुशासन, परिचालन दक्षता और उपभोक्ता सेवा सुधार का परिणाम है।

समीक्षा बैठक के मुख्य निर्देश:
1. उपभोक्ता सेवाओं पर जोर: नए कनेक्शन, लोड परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, ऑनलाइन बिल भुगतान जैसी सभी सेवाओं को और अधिक डिजिटल और सरल बनाया जाए।

2. शिकायत निस्तारण में पारदर्शिता: 1912 कॉल सेंटर, ऑनलाइन पोर्टल, व्हाट्सएप, सोशल मीडिया और CGRF के माध्यम से संचालित बहुस्तरीय शिकायत निवारण व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग हो। हर शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कंज्यूमर ग्रुप में विद्युत व्यवधान निस्तारण का वास्तविक समय और उपयोगी जानकारियां साझा की जाएं।

3. विद्युत चोरी पर सख्ती: चोरी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियानों में बॉडी-वॉर्न कैमरों का अधिकतम उपयोग किया जाए, ताकि जांच और प्रवर्तन कार्रवाई पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बने।

4. निर्बाध आपूर्ति और सुरक्षा: SAIFI और SAIDI सूचकांकों में सुधार कर उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति दी जाए। लाइन लॉस और AT&C लॉस कम करने के लिए व्यापक अभियान जारी है। प्रत्येक विद्युत दुर्घटना की गहन जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए और सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन हो।

बैठक के दौरान ऊर्जा राज्य मंत्री ने OMS (आउटेज मैनेजमेंट सिस्टम) कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया।

बैठक के अंत में प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कर उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।

इस अवसर पर निदेशक कार्मिक एवं प्रशासन आशु कालिया, निदेशक वाणिज्य संजय जैन, निदेशक तकनीकी एन.के. मिश्र, निदेशक वित्त स्वतंत्र कुमार तोमर सहित मुख्यालय के सभी मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता एवं अधिशासी अभियंता उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here