नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। पर्यावरण एवं स्वच्छता क्लब द्वारा इस्माइल नेशनल महिला पीजी कॉलेज के गृह विज्ञान विभाग के सहयोग से *"मानसून में स्वस्थ खानपान"* विषय पर एक जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं एवं आमजन को वर्षा ऋतु में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार के महत्व तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना था।
क्लब निदेशक आयुष गोयल एवं पीयूष गोयल ने बताया कि मानसून के दौरान हल्का, ताजा, साफ-सुथरा और आसानी से पचने वाला खाना खाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मौसम में जामुन, केला, नाशपाती, पपीता के साथ-साथ लौकी, करेला, टिंडा, परवल और तोरी जैसी हरी सब्जियां सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होती हैं। साथ ही इम्युनिटी बढ़ाने के लिए हल्दी, अदरक, नींबू, तुलसी और दही को रोज़ के खाने में शामिल कर ना चाहिए। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका गर्ग ने कहा कि बारिश के मौसम में डायरिया, हैजा, टाइफाइड और हेपेटाइटिस-ए जैसी पानी से फैलने वाली बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने साफ और उबला हुआ पानी पीने, व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने, नियमित व्यायाम करने, पर्याप्त नींद लेने और डेंगू व मलेरिया से बचाव के लिए घर और आसपास पानी जमा न होने देने पर जोर दिया। उन्होंने गिलोय, च्यवनप्राश और अश्वगंधा का सेवन केवल डॉक्टर की सलाह के अनुसार सीमित मात्रा में करने की भी बात कही।
गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष निशा गुप्ता ने स्वच्छता और संक्रमण से बचाव के तरीकों पर जानकारी देते हुए छात्राओं को रोजमर्रा की जिंदगी में साफ-सुथरी और हेल्दी आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की प्राचार्य ने इस कार्यशाला को छात्रों के स्वास्थ्य और जागरूकता के लिए काफी उपयोगी बताया और पर्यावरण एवं स्वच्छता क्लब, गृह विज्ञान विभाग, मुख्य वक्ता तथा सभी उपस्थित प्रतिभागियों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में डॉ0 ममता सिंह, डॉ0 दीप्ति कौशिक, डॉ0दिशा दिनेश आदि अध्यापकगण उपस्थित रहे

No comments:
Post a Comment