Wednesday, July 15, 2026

मेरठ व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष ने लगाए दो पौधे

 नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मेरठ व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष शैंकी वर्मा ने एसएसपी के उस बयान के बाद प्रतीकात्मक रूप से दो पौधे लगाए, जिसमें उन्होंने कहा था कि "जो मेरे समर्थन में है वह एक पौधा लगाए और जो विरोधी है वह दो पौधे लगाए।"


इस अवसर पर शैंकी वर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है और पौधारोपण एक सराहनीय कार्य है, लेकिन किसी जनविरोधी घटना के बाद जनता की भावनाओं को इस प्रकार के बयानों से नहीं टाला जा सकता। उन्होंने कहा कि मेरठ में हुए चर्चित थप्पड़ कांड के बाद लोगों की अपेक्षा निष्पक्ष जवाबदेही और संवेदनशीलता की थी। उन्होंने एसएसपी के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया व्यक्त की, जिसमें उन्होंने विरोध करने वालों की "काउंसलिंग" कराने की बात कही थी। 


शैंकी वर्मा ने कहा कि यदि किसी का हम इंतजार कर रहे है, कब हमारी काउंसलिंग होगी? और कहा कि उन अधिकारियों की काउंसलिंग भी हो जो शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों, महिलाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों के साथ अनुचित व्यवहार करते हैं। लोकतंत्र में विरोध करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। शैंकी वर्मा ने कहा कि आज लगाए गए दो पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और जनता के सम्मान के प्रतीक हैं। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा की कि वह संवाद और संवेदनशीलता के साथ जनता की बात सुने।

No comments:

Post a Comment