Saturday, July 4, 2026

ऑनर किलिंग: अफेयर से नाराज बहन की गोली मारकर हत्या

 

• पुलिस ने आरोपी को घर से किया गिरफ्तार, निशानदेही पर तमंचा बरामद


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। अफेयर से नाराज भाई ने 21 साल की बहन की शनिवार सुबह 6 बजे हत्या कर दी। उसने बहन के सिर में गोली मारी। वारदात के बाद भाई घर में छिप गया। गोली की आवाज सुनकर मां दौड़कर पहुंची तो बेटी खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थी। घरवाले लड़की को लेकर जगदंबा अस्पताल गए।


एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि शनिवार सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर जगदंबा अस्पताल से फोन आया। सूचना मिली कि एक घायल युवती को अस्पताल लाया गया है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। जांच में यह गनशॉट का मामला निकला। लड़की को गोली लगी थी। इसके बाद सीओ लड़की के घर गए। पूछताछ और जांच में पता चला कि लड़की को उसके अपने भाई आरिश ने गोली मारी थी। अब तक की पूछताछ में सामने आया है कि अक्सा पड़ोस के एक युवक से बातचीत करती थी। इसकी जानकारी घरवालों को हो गई थी, इसलिए परिवार उसका निकाह कराना चाहता था। लेकिन अक्सा ने शादी से इनकार कर दिया था और वह उस युवक से बातचीत करती रही। शुक्रवार रात भी इसी बात को लेकर परिवार में झगड़ा हुआ था। आशंका है कि इसी कारण शनिवार सुबह भाई ने उसकी हत्या कर दी।


• चार भाइयों में थी इकलौती बहन

अक्सा की मां आसिफा ने बताया- मैंने कुछ नहीं देखा। नमाज पढ़कर टॉयलेट गई थी। बाहर निकली तो बेटी खून से लथपथ पड़ी थी। मैं और बच्चे अकेले इस मकान में रहते हैं। अक्सा ने आठवीं तक पढ़ाई की थी। अक्सा के पिता का 12 साल पहले निधन हो चुका है। अक्सा चार भाइयों में इकलौती बहन थी। सबसे बड़ा बेटा आरिश है, दूसरे नंबर पर अक्सा, जबकि उसके बाद कैफ, फिर आहद और जुनैद हैं।


• बेटे का मां ने किया बचाव, बोली-"गिरकर लगी चोट"

बेटे को बचाने के लिए मां ने डॉक्टरों को बताया कि बेटी के गिरने से चोट लगी है, लेकिन गनशॉट होने पर डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना दे दी। हालांकि इलाज के दौरान अक्सा की मौत हो गई। पुलिस जांच-पड़ताल में पता चला कि भाई आरिश (23) ने ही वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने उसे घर से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर 315 बोर का तमंचा भी बरामद किया गया है। आरोपी ने पूछताछ में हत्या करना कबूल कर लिया है। वारदात लोहिया नगर थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी की है।

No comments:

Post a Comment