Wednesday, July 29, 2026

गर्लफ्रेंड को गोली मारकर हिस्ट्रीशीटर ने किया सुसाइड

 • युवक के सीने में, युवती के दो गोली पेट और एक सिर में लगी


नित्य संदेश एजेंसी

मेरठ बुधवार शाम हिस्ट्रीशीटर ने पहले गर्लफ्रेंड को गोलियां मारी, फिर खुद को गोली मारकर जान दे दी। युवक के सीने में गोली लगी है, युवती के दो गोली पेट और एक सिर में लगी है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवती की हालत गंभीर बनी है।


कंकरखेड़ा के डिफेंस एन्क्लेव कॉलोनी में जोनल पार्क है। चश्मदीदों के मुताबिक, युवक पल्सर और युवती स्कूटी से पहुंचे थे। वे कुछ देर तक पार्क के पास खड़े होकर बात कर रहे थे। इसी बीच दोनों में झगड़ा होने लगा। इसी बीच युवक ने तमंचा निकाला और युवती को एक-एक कर 3 गोली मार दी। युवती जमीन पर गिरकर तड़पने लगी। आसपास के लोग दौड़े तो तुरंत युवक ने खुद के सीने में तमंचा सटाकर गोली मार ली। पुलिस पहुंची तो एंबुलेंस बुलाकर दोनों को कैलाश अस्पताल ले गई, यहां से सुभारती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।


पुलिस के मुताबिक, घायल युवती की पहचान कंकरखेड़ा के गोविंदपुरी निवासी अनुष्का (23) और मृत युवक की पहचान कंकरखेड़ा के ही शिवलोकपुरी कॉलोनी निवासी आदित्य (26) के रूप में हुई है। आदित्य आईटीआई पास है, कंकरखेड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। कंकरखेड़ा थाना पुलिस, सीओ और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मौके से सबूत जुटाए हैं, एक तमंचा भी बरामद किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी भी खंगाल रही है, ताकि घटना से पहले और बाद की गतिविधियों का पता चल सके।


दोनों के परिजनों से पुलिस कर रही पूछताछ—

एसपी सिटी विनायक भोसले ने कहा- सीसीटीवी फुटेज में युवक और युवती में पहले झगड़ा हुआ था। इसके बाद युवक ने गोली मारी है। दोनों के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सोर्स: दैनिक भास्कर.कॉम

No comments:

Post a Comment