Wednesday, July 29, 2026

संत गुरु रविदास महाराज के आदर्श सामाजिक समरसता एवं समानता के पथप्रदर्शक: अमित अग्रवाल




नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत मेरठ छावनी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा एवं सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मेरठ छावनी विधायक अमित अग्रवाल ने बताया कि अभियान के अंतर्गत सतीश चौक एवं साधु नगर स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिरों तथा छावनी मंडल स्थित महर्षि वाल्मिकी उदासीन गुरुद्वारा में आयोजित कार्यक्रमों में भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष श्री विवेक रस्तोगी के साथ सम्मिलित होकर संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा दीप प्रज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर सतीश चौक स्थित मंदिर के मुख्य पुजारी विजेंद्र कल्याण, साधु नगर स्थित मंदिर की सेविका माताजी श्यामा देवी तथा महर्षि वाल्मिकी उदासीन गुरुद्वारा की ग्रंथी माताजी वीणा नरूला को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें फल एवं मिठाई भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज का संपूर्ण जीवन सामाजिक समरसता, समानता, सेवा, मानवता एवं लोककल्याण के उच्च आदर्शों का प्रतीक है। उनके विचार आज भी समाज को जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर एकात्मता, सद्भाव एवं सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी संतों एवं महापुरुषों के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने और समरस समाज के निर्माण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। गुरु रविदास महाराज के बताए मार्ग पर चलकर ही सामाजिक सौहार्द, समान अवसर और राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।

कार्यक्रमों में कंकरखेड़ा मंडल अध्यक्ष सेंसर पाल, छावनी मंडल अध्यक्ष गौरव हुरिया, पीयूष शर्मा उर्फ सनी, मंडल महामंत्री अंकित, मंडल महामंत्रीगण, मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में सम्मानित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment