नित्य संदेश, मेरठ। एक बीमार पति के इलाज की लाचारी सीरिया से एक महिला को भारत खींच लाई, लेकिन मेरठ की सड़कों पर मदद मांगना उसे भारी पड़ गया।
शुक्रवार को नौचंदी क्षेत्र में अंग्रेजी का बोर्ड लेकर आर्थिक सहायता मांग रही इस विदेशी महिला को देखकर खुफिया विभाग अलर्ट हो गया।
मदद की गुहार लगा रही 33 वर्षीय यह सीरियाई महिला, जिसका नाम फनादी है, हाथ में अंग्रेजी में लिखा एक बोर्ड लेकर राहगीरों से मदद की अपील कर रही थी। बोर्ड पर लिखा था कि वह सीरिया की निवासी है और उसे अपने पति फैज़ल के इलाज के लिए पैसों की जरूरत है। विदेशी महिला को इस तरह सड़कों पर देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस उसे थाने ले आई।
पूछताछ में सीरियाई महिला फनादी ने बताया कि उसका पति फैज़ल दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती है, जिसके पैरों में गंभीर चोट आई है। इलाज का भारी-भरकम खर्च उठाने में असमर्थ होने के कारण वह आर्थिक तंगी से जूझ रही थी और इसी मजबूरी में वह मेरठ में चंदा जुटाने आ गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस के साथ-साथ इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और स्थानीय खुफिया इकाई (LIU) की टीमों ने महिला के मेडिकल वीजा और यात्रा दस्तावेजों को बारीकी से खंगाला। शुरुआती शक वीजा नियमों के उल्लंघन (बिना अनुमति एक शहर से दूसरे शहर जाने) को लेकर था।
लेकिन गहन जांच के बाद मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने पुष्टि की कि महिला के कागजात पूरी तरह वैध और सही हैं। वह वाकई बेहद तंगी और लाचारी के दौर से गुजर रही है। सच सामने आने और कागजी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पुलिस ने उसे सम्मानपूर्वक रिहा कर दिया।

No comments:
Post a Comment