Breaking

Your Ads Here

Friday, June 19, 2026

‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ थीम के साथ सुभारती विश्वविद्यालय में सप्ताह व्यापी योग महोत्सव का शुभारम्भ



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा 16 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित किए जा रहे सप्ताह व्यापी योग महोत्सव का उत्साहपूर्ण शुभारम्भ किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग को केंद्र में रखते हुए आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वास्थ्य, ऊर्जा, मानसिक संतुलन एवं समग्र कल्याण को बढ़ावा देना है। 


योग महोत्सव के उद्घाटन सत्र में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा अन्य स्टाफ सदस्यों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान अभ्यासों का अभ्यास करते हुए योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक लाभों को समझा। कार्यक्रम के दौरान शारीरिक फिटनेस, मानसिक एकाग्रता, भावनात्मक संतुलन तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष प्रकाश डाला गया।


यह योग महोत्सव शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। उद्घाटन सत्र का संचालन डॉ. निशांत द्वारा किया गया। उन्होंने विभिन्न योगाभ्यासों का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उनके प्रेरणादायी एवं संवादात्मक सत्र ने उपस्थित प्रतिभागियों को नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शारीरिक शिक्षा विभाग के संकाय सदस्यों डॉ. परवीन कुमार, डॉ. अतुल तिवारी, डॉ. निशांत, श्री शुभम राठी, श्री शरद पंवार एवं श्री संजित टी. के. का विशेष योगदान रहा। उनके समर्पण, टीम भावना एवं सामूहिक प्रयासों के परिणामस्वरूप उद्घाटन सत्र का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित हुआ।


इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग ने विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज के प्रति स्वास्थ्य एवं कल्याण संबंधी गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहन एवं सहयोग प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रमोद कुमार शर्मा के मार्गदर्शन, प्रेरणा एवं सकारात्मक नेतृत्व के लिए भी धन्यवाद ज्ञापित किया गया।


योग महोत्सव के अंतर्गत आगामी दिनों में विविध योग सत्र, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, ध्यान अभ्यास, फिटनेस गतिविधियों एवं अन्य कल्याणकारी आयोजन किए जाएंगे। इस पहल के माध्यम से शारीरिक शिक्षा विभाग विश्वविद्यालय समुदाय में स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक सजगता, सकारात्मक सोच एवं समग्र व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करने की अपनी प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ कर रहा है। योग महोत्सव का यह आयोजन न केवल योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बन रहा है, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के प्रति समाज को प्रेरित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हो रहा है। 


No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here