Sunday, June 21, 2026

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सात दिवसीय योग शिविर का भव्य समापन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय एवं क्रीड़ा भारती के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय के खेल मैदान पर आयोजित सात दिवसीय योग शिविर का समापन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं शहर के नागरिकों ने भाग लेकर योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।


समापन अवसर पर योग गुरु स्वामी कर्मवीर जी महाराज ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन की ओर बढ़ने का एक सतत अभियान है। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति वास्तव में स्वस्थ, निरोग और ऊर्जावान जीवन जीना चाहता है तो योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा। वर्ष में एक दिन योग करने या केवल योग दिवस मनाने से अपेक्षित लाभ प्राप्त नहीं हो सकते। योग का वास्तविक प्रभाव तभी दिखाई देता है जब इसे नियमित रूप से जीवन में अपनाया जाए। स्वामी कर्मवीर जी महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में तनाव, अवसाद, अनियमित जीवनशैली और विभिन्न शारीरिक बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। योग इन सभी समस्याओं का सरल, प्राकृतिक और प्रभावी समाधान है। योग केवल शरीर को स्वस्थ नहीं रखता, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे मोबाइल और डिजिटल जीवनशैली के दुष्प्रभावों से बचने के लिए प्रतिदिन योग, प्राणायाम और ध्यान को अपनाएं।


कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व स्वीकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक वैज्ञानिक पद्धति है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास का आधार बनती है। विश्वविद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है और योग जैसे कार्यक्रम युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन तथा आत्मविश्वास का संचार करते हैं। कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने कहा कि आज जब दुनिया तनाव, पर्यावरणीय चुनौतियों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही है, तब योग मानवता को स्वस्थ और संतुलित जीवन का मार्ग दिखा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से आग्रह किया कि योग को केवल शिविरों और विशेष अवसरों तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन में शामिल कर स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान दें।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, सांसद अरुण गोविल, विधायक गुलाम मोहम्मद, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज, सुनील भराला, वित्त अधिकारी रमेश चंद्र, परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव, प्रोफेसर मृदुल गुप्ता, प्रोफेसर वीरपाल सिंह, प्रोफेसर कृष्णकांत शर्मा, प्रोफेसर राकेश कुमार शर्मा, प्रोफेसर आलोक कुमार, डॉ. गुलाब सिंह रुहल, डिप्टी रजिस्ट्रार सत्य प्रकाश, डॉ. संदीप त्यागी, जगत सिंह दोसां, राजन कुमार, मनीष कुमार, प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र कुमार गुप्ता सहित विश्वविद्यालय परिवार के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment