Breaking

Your Ads Here

Wednesday, June 24, 2026

ज्वेलरी दुकान से डेढ़ लाख के गहने लेकर फरार युवक, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर कनाड़िया थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी दुकान से सोने के आभूषण लेकर फरार हुए बदमाश का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। आरोपी ने बड़ी चालाकी से पहले दुकान संचालक और वहां बैठी युवती को बातचीत में उलझाए रखा, फिर मौका मिलते ही सोने की चेन और अंगूठियां लेकर भाग निकला। पुलिस अब सीसीटीवी के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार कनाड़िया रोड पर 70 साल के शिवशंकर विजयवर्गीय की चंद्रिका ज्वेलर्स नाम से दुकान है। सोमवार सुबह एक युवक दुकान पर पहुंचा और गिफ्ट देने के लिए दो अंगूठियां और एक सोने की चेन पसंद की। उसने करीब डेढ़ लाख रुपए का सौदा तय किया और एटीएम से पैसे निकालकर आने की बात कहकर चला गया।


शाम करीब 5 बजे युवक दोबारा दुकान पहुंचा। उसने काउंटर पर बैठी युवती से वही आभूषण दिखाने को कहा और नकद भुगतान करने की बात कही। युवती ने चेन और अंगूठियों का बॉक्स उसे दे दिया। इसके बाद आरोपी ने दुकान संचालक शिवशंकर विजयवर्गीय से गहनों का वजन करने को कहा।

जैसे ही शिवशंकर अपनी कुर्सी से उठे, आरोपी गहनों का बॉक्स लेकर दुकान से बाहर भाग निकला। बाहर पहले से खड़ी बाइक पर सवार होकर वह मौके पर से फरार हो गया।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में आरोपी मास्क और टोपी पहने दिखाई दे रहा है। पुलिस का मानना है कि उसने पहचान छिपाने के लिए यह तरीका अपनाया था।


रैकी के बाद वारदात की आशंका

पुलिस अधिकारियों को शक है कि आरोपी ने पहले दुकान की रेकी की थी और पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। जांच में यह भी सामने आया है कि वह बाइक की नंबर प्लेट हटाकर दुकान पर पहुंचा था।

कनाड़िया पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here