Breaking

Your Ads Here

Tuesday, June 16, 2026

स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में सफलतापूर्वक संपन्न हुई राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा, उच्च शिक्षा के प्रति युवाओं का बढ़ा विश्वास



SNET 2026 में उमड़ा विद्यार्थियों का उत्साह, 2100 से अधिक अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

 

नित्य संदेश ब्यूरो


मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित सुभारती राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (SNET) 2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। देशभर से आए विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इस परीक्षा को विशेष बना दिया। विश्वविद्यालय की विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित इस प्रतिष्ठित पात्रता परीक्षा में 2,100 से अधिक अभ्यर्थियों ने सहभागिता की, जो गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की बढ़ती प्रतिष्ठा और छात्रों के विश्वास को दर्शाता है।



विश्वविद्यालय परिसर में परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के साथ किया गया। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी, बैठने की व्यवस्था, तकनीकी सहायता एवं अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए थे। परीक्षा प्रक्रिया को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन, संकाय सदस्यों तथा सहायक कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। SNET विश्वविद्यालय की प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं में से एक है, जिसके माध्यम से विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों में प्रतिभाशाली एवं योग्य विद्यार्थियों का चयन किया जाता है। इस वर्ष बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की उपस्थिति ने यह स्पष्ट किया कि स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं की पहली पसंद बनता जा रहा है।

 



इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रमोद कुमार शर्मा ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों, अनुसंधान, नवाचार और समग्र व्यक्तित्व विकास के अवसर भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि SNET 2026 में विद्यार्थियों की उल्लेखनीय भागीदारी विश्वविद्यालय के प्रति बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने परीक्षा में सम्मिलित सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।



विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने भी SNET 2026 की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधन एवं उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि परीक्षा में सम्मिलित विद्यार्थी भविष्य में अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।



विश्वविद्यालय प्रशासन, केंद्रीय प्रवेश प्रकोष्ठ तथा संबंधित विभागों ने परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अभिभावकों, संकाय सदस्यों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विश्वविद्यालय ने जानकारी दी कि SNET 2026 के परिणाम एवं प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित आगामी सूचनाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विश्वविद्यालय के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर जारी की जाएंगी।



गौरतलब है कि स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित SNET 2026 परीक्षा विश्वविद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों में प्रवेश हेतु एक महत्वपूर्ण पात्रता परीक्षा है, जिसके माध्यम से प्रत्येक वर्ष देशभर से हजारों विद्यार्थी अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में पहला कदम बढ़ाते हैं।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here