Breaking

Your Ads Here

Friday, June 19, 2026

'एसआईटी जांच में दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा' — मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

• राम मंदिर दान हेराफेरी पर अयोध्या में बोले सीएम योगी

नित्य संदेश एजेंसी

अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी विवाद के बीच सीएम आज पहली बार अयोध्या पहुंचे। जहां मुख्यमंत्री ने अयोध्या में चंदा चोरी के आरोपों पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के लिए 500 साल संघर्ष हुआ है, इसलिए कोई भी अयोध्या को बदनाम न करे। किसी के पास चंदा चोरी का कोई सबूत है तो वह एसआईटी को दे, इसकी पूरी जांच और सख्त एक्शन होगा।


मुख्यमंत्री ने नसीहत दी कि जांच रिपोर्ट आने तक कोई भी इस मामले में बयानबाजी न करें और किसी के चरित्र हनन का प्रयास न करे। मैं भरोसा दिलाता हूं कि हमने ट्रस्ट की मांग पर एसआईटी बनवाई। जल्द ही दूध का दूध और पानी का पानी होगा। 15 दिन और देख लो, इंतजार कर लो। चिंता मत करो। अयोध्या को बदनाम करने वालों के बहकावे में न आएं। धाम को बदनाम न करें। अगर कोई अपराधी है, वह कोई भी होगा, बचेगा नहीं, यह पूरी तरह कन्फर्म है।


सीएम योगी ने कहा कि आरोप लगाने वाले लोग केवल बदनाम करने का काम कर रहे हैं। इनका आचरण सबके सामने है, जिन्होंने कभी राम भक्तों पर गोलियां चलवाईं, श्री राम बोलने पर लाठियां चलवाईं और कोर्ट में प्रभु राम के खिलाफ केस लड़े। सीएम ने कहा- सबको अपनी जिम्मेदारी का दायित्व निभाना होगा। जिम्मेदारी का दायित्व निभाएंगे तभी विकास होगा। सपा जय श्री राम कहने पर गोली चलवाती थी। जनता अपमान करने वालों से सावधान रहे।


बेटियों के लिए पीएसी की 3 नई बटालियन

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रनायकों और वीरांगनाओं के प्रति श्रद्धा भाव को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा बताया। उन्होंने घोषणा की कि डबल इंजन की सरकार ने महारानी लक्ष्मीबाई, महारानी दुर्गावती, अवंतीबाई लोधी, झलकारी बाई और उदा देवी के सम्मान में कई अभियान शुरू किए हैं। इसी कड़ी में सरकार ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी, झलकारी बाई कोरी और वीरांगना उदादेवी पासी के नाम पर पीएसी की तीन नई बटालियन गठित की हैं। सबसे खास बात यह है कि इन तीनों बटालियन में केवल बेटियों की ही भर्ती की जाएगी।


झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण

उक्त संबोधन से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या जनपद के रुदौली विधानसभा क्षेत्र में एक भव्य समारोह के दौरान राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज एवं चिकित्सालय सहित 378 करोड़ रुपए की 126 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। उन्होंने वहां वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण भी किया।


योगी ने कहा, अब हर गरीब के घर में फ्री में शौचालय बन रहा है। जिन लोगों ने 2017 के पहले शासन किया था। आखिर उन्होंने कामाख्या धाम को नगर पंचायत क्यों नहीं बनाया। यहां की सड़कें क्यों नहीं बनाईं। क्यों गरीब को तब राशन नहीं मिल पाता था। क्योंकि, उन लोगों में संवेदना और इच्छाशक्ति नहीं थी। सिर्फ परिवार ही उनके लिए सबकुछ है। उनको कब्रिस्तान की बाउंड्री से ही फुर्सत नहीं मिलती थी। उनकी सोच ही कब्रिस्तान तक सीमित थी।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here