Breaking

Your Ads Here

Saturday, June 27, 2026

कहानी: मुहब्बत, जज़्बात और नौजवानी की हक़ीक़त—साजिद अली सतरंगी

नित्य संदेश 

आज़ के दौर में सबसे बड़ा मस‌अला यह नहीं है कि लड़के लड़कियां एक दूसरे की तरफ़ मायल क्यों होते हैं।

बल्कि हक़ीक़त यह है कि एक जज़्बाती लगाव को सच्ची मुहब्बत समझ लेते हैं। कमसिनी में पैदा होने वाली कैफ़ियात तवज्जों पाने की ख्वाहिशें, तन्हाई का एहसास,ओर किसी के करीब होने की आरजू इंसान को ऐसे, रिश्ते की तरफ ले जाती है जिसे वह इश्क़ समझने लगता है।

इंसानी ज़िंदगी का शायद ही कोई दौर ऐसा हो जो जिसके शुरुआती दिनों जितना नाज़ुक, हस्सास और तग़य्युरात से भरपूर हो। यही वह वक़्त होता है जब इंसान जिस्मानी, ज़ेहनी और जज़्बाती ऐतबार से तेज़ी के साथ तब्दीलियों से गुज़र रहा होता है। इस दौर में पैदा होने वाले एहसासात इतने गहरे और इतने पुरकशिश होते हैं कि अक्सर इंसान उन्हें अपनी ज़िंदगी की सबसे बड़ी हक़ीक़त समझ बैठता है। लेकिन वक़्त और तजुर्बा यह साबित करते हैं कि हर एहसास, हर कशिश और हर लगाव का नाम मुहब्बत नहीं होता।

आज का दौर पहले के मुक़ाबले में कहीं ज़्यादा पेचीदा हो चुका है। एक तरफ़ सोशल मीडिया, फ़िल्में, वेब सीरीज़ और मुख़्तलिफ़ डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म्स हैं, जिसने मुहब्बत को एक तरफ़ ख़ूबसूरत,मगर ग़ैर-वाकई तसव्वुर पेश किया है। और दूसरी तरफ़ असल ज़िंदगी की सख़्त हक़ीक़तें हैं। जहाँ रिश्तों को निभाने के लिए सब्र, भरोसा, एहतराम, ज़िम्मेदारी और कुर्बानी की ज़रूरत पड़ती है।

अफ़सोस की बात यह है कि आज बहुत से नौजवान थोड़ी सी तवज्जों को मुहब्बत, जिस्मानी कशिश को इश्क़, और तन्हाई के ख़ौफ़ को वफ़ादारी का नाम देने लगे हैं। किसी का हर वक़्त ख़याल आना, किसी की याद में बेचैन रहना या उससे बात किए बग़ैर दिन का अधूरा लगना ज़रूरी नहीं कि यह सच्ची मुहब्बत की निशानी हो। बहुत मुमकिन है कि यह सिर्फ़ जज़्बाती लगाव, तन्हाई का एहसास या एक वक़्ती कैफ़ियत हो।

सोशल मीडिया ने रिश्तों की ताबीर ही बदल कर रख दी है। पहले मुहब्बत में सब्र और इंतज़ार हुआ करता था, लेकिन अब "सीन" और "ऑनलाइन" का जवाब देर से मिलने पर रिश्ते टूटने की कगार पर पहुंच जाते हैं। आज़ की सच्चाई यह है। बहुत से रिश्ते, मुहब्बत से ज़्यादा तन्हाई के खौफ़, तवज्जो की भूख और वक़्ती दिलचस्पी की बुनियाद पर कायम होते हैं।,,

"पहले ख़त लिखे जाते थे, मानों उस ख़त के अंदर पूरी दुनिया को समेट कर रख दिया हो। और महीनों जवाब का इंतज़ार किया जाता था, मगर आज कुछ मिनटों की ख़ामोशी भी लोगों को बेचैन कर देती है। यही वजह है कि आजकल रिश्ते पहले से ज़्यादा बन तो रहे हैं, मगर पहले से ज़्यादा टूट भी रहे हैं।

हक़ीक़त यह है कि इंसान की सबसे बड़ी ज़रूरत मुहब्बत नहीं, बल्कि समझा जाना है। हर शख़्स चाहता है कि कोई उसकी बातें सुने, उसके जज़्बात को समझे, उसकी अहमियत महसूस करे और उसकी मौजूदगी को क़ीमत दे। जब कोई इंसान यह एहसास देता है तो अक्सर दिल उसे मुहब्बत का नाम दे देता है हालाँकि कई बार यह सिर्फ़ तवज्जो और अपनाइयत की ज़रूरत होती है, जिसे हम इश्क़ समझने की ग़लती कर बैठते हैं।

आज की एक और कड़वी सच्चाई यह है कि बहुत से रिश्ते ज़रूरतों की बुनियाद पर क़ायम हैं। जब तक फ़ायदा है, तब तलक ताअल्लुक़ है, और जब फ़ायदा ख़त्म हो जाता है तो रिश्ता भी दम तोड़ देता है। ऐसे दौर में वफ़ा, एहतराम और ख़ुलूस जैसी क़द्रें कम होती जा रही हैं। लोग सूरत देखते हैं, सीरत नहीं; दौलत देखते हैं, अख़लाक़ नहीं; शोहरत देखते हैं, किरदार नहीं।

मुहब्बत कभी इंसान को उसके फ़र्ज़ से ग़ाफ़िल नहीं करती। अगर कोई रिश्ता इंसान को उसके वालिदैन से दूर कर दे, उसकी तालीम को नुक़सान पहुँचा दे, उसके अख़लाक़ को बदल दे और उसकी शख़्सियत को कमज़ोर कर दे, तो यह मुहब्बत नहीं बल्कि जज़्बात का ग़लत इस्तेमाल है।

"याद रखिए सच्ची मुहब्बत वह नहीं जो इंसान को अपने फ़र्ज़ भुला दे, बल्कि वह है जो उसे बेहतर इंसान बना दें।

मुहब्बत इंसान के अंदर ज़िम्मेदारी पैदा करती है। वह उसे कामयाबी की तरफ़ ले जाती है, न कि तबाही की तरफ़। अगर किसी रिश्ते की वजह से इंसान झूठ बोलने लगे, ग़ुस्सैल हो जाए, मायूसी का शिकार रहने लगे, और अपने करीबी लोगों से कट जाए, तो याद रखें, यह रिश्ते की नहीं बल्कि उसकी ग़लत समझ की निशानी है।

हमारी आज की नस्ल एक अजीब तज़ाद का शिकार है। हज़ारों फ़ॉलोअर्स हैं। लेकिन सच्चे दोस्त नहीं। हर वक़्त मोबाइल हाथ में है लेकिन दिलों में तन्हाई बढ़ती जा रही है। लोग तस्वीरों में मुस्कुरा रहे हैं। मगर अंदर से टूटे हुए हैं। हर शख़्स चाहता है कि कोई उसे चाहे, मगर बहुत कम लोग ऐसे हैं जो किसी को समझने और उसके लिए कुर्बानी देने को तैयार हैं।

जवानी में जज़्बात का पैदा होना, कोई जुर्म नहीं है। और न ही किसी की तरफ़ मायल होना कोई गुनाह है। यह एक फ़ितरी अमल है। मगर इन जज़्बात को अक़्ल और शऊर के साथ समझना बेहद ज़रूरी है। जिस तरह आग खाना पकाने का ज़रिया भी बन सकती है और घर जलाने का सबब भी, ठीक उसी तरह मुहब्बत इंसान की ज़िंदगी को संवार भी सकती है और बिगाड़ भी सकती है।

वालिदैन की ज़िम्मेदारी सिर्फ़ बच्चों को खाना और तालीम देना नहीं, बल्कि उनके जज़्बात को समझना भी है। बहुत से नौजवान इसलिए ग़ैर लोगों में अपनापन तलाश करते हैं क्योंकि उन्हें अपने घरों में सुनने वाला कोई नहीं मिलता। डाँटना आसान है, मगर समझना मुश्किल। आज बच्चों को पैसों से ज़्यादा मुहब्बत, भरोसे और बातचीत की ज़रूरत है।

इसी तरह नौजवानों की भी ज़िम्मेदारी है कि वह अपने जज़्बात को अपनी पूरी ज़िंदगी पर हावी न होने दें। बात थोड़ी कड़वी है मगर सच यही है। "मुहब्बत ज़िंदगी का हिस्सा है, मुकम्मल ज़िंदगी नहीं। इल्म, किरदार, हुनर, वालिदैन की ख़िदमत, समाज के लिए फ़ायदेमंद बनना और अपने अंदर इंसानियत पैदा करना, यही वह चीज़ें हैं जो किसी भी इंसान को कामयाब बनाती हैं उसके मुस्तकबिल को संवारती है।

वक़्त यह भी सिखाता है कि हर बिछड़ने वाला बेवफ़ा नहीं होता। और हर साथ निभाने वाला सच्चा नहीं होता। कुछ लोग हमारी ज़िंदगी में सिर्फ़ एक सबक़ बनकर आते हैं। वह हमें दर्द देकर जाते हैं, मगर वही दर्द हमें मज़बूत और समझदार भी बना देता है।

आज का सबसे बड़ा फ़ित्ना यह है कि लोग मुहब्बत में पड़ने से पहले अपने आप से मुहब्बत करना भूल गए हैं। जो इंसान अपनी इज़्ज़त नहीं करता, अपनी क़द्र नहीं जानता, और अपने सपनों की अहमियत नहीं समझता, वह अक्सर दूसरों से ऐसी उम्मीदें बाँध लेता है जो उसे मायूसी के सिवा कुछ नहीं देतीं।

मुहब्बत का मतलब किसी को हासिल कर लेना नहीं, बल्कि उसका एहतराम करना है। अगर कोई इंसान आपके साथ नहीं रहना चाहता तो उसे मजबूर करना मुहब्बत नहीं, बल्कि ख़ुदगर्ज़ी है। सच्चा इश्क़ कभी ज़बरदस्ती नहीं करता, और न ही किसी की आज़ादी छीनता है।

ज़िंदगी की सबसे बड़ी कामयाबी यह नहीं कि कोई आपसे कितना प्यार करता है, बल्कि यह है कि आप अपने किरदार, अपने अख़लाक़ और अपनी इंसानियत की वजह से कितने लोगों के लिए रहमत बनते हैं।

आख़िर में यही कहूंगा:-

कमसिनी की जाज़बियत, तवज्जो की ख़्वाहिश, तन्हाई का एहसास और जिस्मानी कशिश इन सबको मुहब्बत का नाम देना एक बहुत बड़ी ग़लतफ़हमी है। सच्ची मुहब्बत वक़्त के साथ और मज़बूत होती है, वह इंसान को बेहतर बनाती है, उसके अंदर सब्र, एहतराम, भरोसा और ज़िम्मेदारी पैदा करती है।

याद रखिए:-

"जिस रिश्ते में अख़लाक़ हो, एहतराम हो, भरोसा हो और एक-दूसरे की तरक़्क़ी की ख़्वाहिश हो, वही मुहब्बत है, और जो रिश्ता इंसान को अपने फ़र्ज़, अपने ख़ुदा, अपने वालिदैन और अपनी पहचान से दूर कर दे, वह महज़ जज़्बात का तूफ़ान है, वह कभी सच्ची मुहब्बत नहीं हो सकती।"



लेखक - साजिद अली सतरंगी

फ़ोन - 9457530339

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here